सिविल सर्विसेज विषय पर लखनऊ विश्वविद्यालय में कैरियर वेबिनार, IAS पुलकित सिंह ने साझा किया अनुभव

लखनऊ विश्वविद्यालय के अभियांत्रिकी एवं तकनीकी के प्लेसमैंट सेल ने शनिवार को “कैरियर इन सिविल सर्विसेज” पर वेबिनार का आयोजन किया। जिसमें मुख्य वक्ता 2020 की सिविल सेवा परीक्षा मे 26वी रैंक हासिल करने वाले आईएएस अधिकारी पुलकित सिंह रहे। वेबिनार की शुरुआत अभियांत्रिकी एवं तकनीकी संकाय के डीन प्रोफेसर एके सिंह ने किया।
वेबिनार मे पुलकित सिंह ने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए छात्रों को सिविल सर्विसेज में करियर बनाने के लिए मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा, “सिविल सर्विसेज में करियर एक गौरव का मार्ग है। जिसमें सिविल सर्वेंट्स को विभिन्न स्तरों पर एडमिनिस्ट्रेटिव, एक्जीक्यूटिव और पॉलिसी मेकिंग रोल्स में सरकार और जनता की सेवा करने का मौका मिलता है। उन्होंने आगे बताया कि सिविल सेवा परीक्षा में तीन चरण होते हैं। पहली प्रारंभिक परीक्षा वस्तुनिष्ठ प्रकार की है। जिसमें दो प्रश्न-पत्र सामान्य अध्ययन और सिविल सेवा योग्यता परीक्षा शामिल है।
दूसरी मुख्य परीक्षा में नौ प्रश्न-पत्र होते हैं, जिनमें निबंध लेखन, सामान्य अध्ययन और वैकल्पिक विषय शामिल होते हैं। अंतिम परीक्षा साक्षात्कार होती है। जिसमें उम्मीदवार का व्यक्तित्व एवं योग्यता आदि के आधार पर मूल्यांकन किया जाता है। सिविल सेवा परीक्षा में एनसीएआरटी पाठ्य पुस्तकें और समाचार पत्रों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। साथ ही मॉक टेस्ट और पिछले वर्ष के प्रश्न पत्र भी महत्त्वपूर्ण संसाधन हैं।
उन्होंने बताया कि आमतौर पर प्रमुख सिविल सेवा मानी जाने वाले भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी सार्वजनिक प्रशासन में महत्त्वपूर्ण भूमिका के साथ राज्य एवं केंद्रीय स्तर पर नीति-निर्माण में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वेबिनार मे बीटेक, बीसीए और एमसीए के 200 से अधिक छात्रों ने हिस्सा लिया।