भारत के इंग्लैंड दौरे का अंत वनडे सीरीज में मेजबानों का सूपड़ा साफ करने के साथ हुआ। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने स्टार पेसर झूलन गोस्वामी को विदाई भी दी, लेकिन मैच का आखिरी विकेट विवाद का हिस्सा बन गए जिसने एक नई बहस को जन्म दिया। दरअसल, शानदार बल्लेबाजी कर रही चार्लोट डीन को दीप्ति शर्मा ने मांकडिंग आउट कर भारत को जीत दिलाई। दीप्ति शर्मा की इस हरकत के बाद इंग्लैंड के फैंस मैदान पर ही उनकी आलोचना करते दिखे, मगर कप्तान हरमनप्रीत कौर अपने खिलाड़ियों को सपोर्ट करती हुईं नजर आईं। हरमनप्रीत कौर ने मैच के बाद कहा कि दीप्ति ने नियमों के खिलाफ जाकर कुछ नहीं किया है।
मांकडिंग पर बात करते हुए हरमनप्रीत कौर ने कहा ‘यह खेल का हिस्सा है। मुझे नहीं लगता कि हमने कुछ नया किया है। यह आपकी जागरूकता को दर्शाता है कि बल्लेबाज क्या कर रहे हैं। मैं अपने खिलाड़ियों का समर्थन करूंगी, उसने नियमों के बाहर कुछ नहीं किया है। दिन के अंत में एक जीत एक जीत है और हम इसे ले लेंगे।’
44वें ओवर में जब दीप्ति शर्मा गेंदबाजी कर रही थी तब कप्तान हरमनप्रीत कौर ने उन्हें चार्लोट डीन को मांकडिंग करने का इशारा दिया था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। चार्लोट डीन ने 80 गेंदों पर 5 चौकों की मदद से 47 रनों की पारी खेली। वह इस तरह आउट होने के बाद काफी निराश दिखी और मैदान पर ही उनकी आंखें नम हो गई। (वीडियो देखने के लिए यहां क्लिक करें)
कप्तान हरमनप्रीत कौर उतरी दीप्ति शर्मा के सपोर्ट में , मांकडिंग पर कह दी ये बात
