रात को घर से बुलाया, गला दबाकर मार डाला, कहा-शादी के लिए दबाव डाल रही थी

लखनऊ के काकोरी में बुधवार सुबह एक युवक ने दसवीं कक्षा में पढ़ने वाली प्रेमिका की हत्या कर दी। उसके बाद हत्या को आत्महत्या में बदलने के लिए दोस्तों की मदद से शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया। जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने हत्या कर शव पेड़ से टांगने का आरोप लगा कर हंगामा किया।
पोस्टमॉर्टम में इसका खुलासा होने पर बुधवार देर रात पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का कहना है कि छात्रा शादी का दबाव बना रही थी। जबकि वह अभी शादी नहीं करना चाहता था। इसलिए, उसने गला दबाकर हत्या कर दी। फिर शव पेड़ पर लटका दिया।
पुलिस के मुताबिक, काकोरी के बहरू गांव के होरी लाल गौतम परिवार के साथ रहते हैं। 10वीं पास उनकी बेटी सरिता गौतम (19) मंगलवार रात घर के कमरे में अकेले सोई थी। बुधवार सुबह गांव के बाहर शारदा बड़ी नहर किनारे नीम के पेड़ से उसका दुपट्टे से शव लटकता मिला।
सूचना पर पहुंचे परिजनों ने हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया। भाई सरवन के मुताबिक, बुधवार सुबह जागने पर सरिता कमरे में नहीं मिली। वह लोग खोज ही रहे थे तभी ग्रामीणों ने बताया कि सरिता ने फांसी लगा ली।
भागते हुए हम मौके पर पहुंचे तो देखा कि सरिता का शव लटका हुआ था। उसकी जैकेट और चप्पल मिट्टी में पड़ी हुई थी। शरीर पर कई जगह चोटें भी लगी थी। इससे शक है कि सरिता की हत्या हुई है। परिवार को सरिता के अफेयर की जानकारी थी। ऐसे में उन्होंने प्रेमी बृजेश पर शक जताया। बृजेश गांव में ही बिजली की दुकान चलाता है।
सरिता के शव की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलासा हुआ कि उसने आत्महत्या नहीं की थी। उसकी गला घोटकर हत्या की गई थी। शरीर पर 6 जगह चोट के निशान भी मिले हैं। इससे साफ है हत्या से पहले उसने संघर्ष किया था।
काकोरी पुलिस ने पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर सरिता के भाई सरवन की तहरीर पर बृजेश और उसके साथियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में बृजेश ने बताया कि सरिता से उसका करीब दो साल से अफेयर चल रहा था। वह शादी का लगातार दबाव बना रही थी। जबकि मैं शादी करना नहीं चाहता था। बुधवार तड़के पांच बजे सरिता मिलने आई थी। वहां उसने फिर शादी का दबाव बनाया।
इसके बाद विवाद के बाद मारपीट हुई। इसी दौरान उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। उसके बाद दोस्तों की मदद से शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया। पुलिस बृजेश के उन दोस्तों की तलाश कर रही है, जिन्होंने शव लटकाने में उसकी मदद की।