बुलंदशहर: प्रधानमंत्री सुरक्षा में तैनात एसपीजी कमांडो संजीव तोमर का बीमारी से निधन, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई

बुलंदशहर:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 नवंबर 2025 प्रधानमंत्री की सुरक्षा में तैनात एसपीजी कमांडो संजीव तोमर (32) का गंभीर बीमारी के चलते निधन हो गया। गुरुवार को उनके पैतृक गांव में राजकीय सम्मान के साथ हजारों लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

मोरी गेट, बुलंदशहर निवासी संजीव तोमर पुत्र चंद्रपाल सिंह की वर्ष 2015 में सीआरपीएफ में नियुक्ति हुई थी। ड्यूटी के प्रति समर्पण और उत्कृष्ट कार्यशैली के कारण वर्ष 2021 में उनकी पोस्टिंग एसपीजी में हो गई। वर्तमान में वह पीएमओ में प्रधानमंत्री की सुरक्षा ड्यूटी में तैनात थे।

स्पाइनल कॉर्ड की बीमारी बनी कारण

संजीव तोमर कुछ समय से स्पाइनल कॉर्ड से जुड़ी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। तबीयत बिगड़ने पर 27 सितंबर को उन्हें गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। लंबा उपचार चलने के बावजूद स्वास्थ्य में सुधार नहीं हो सका और बुधवार को डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

स्वजन में मातम, अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

गुरुवार सुबह उनका पार्थिव शरीर बुलंदशहर स्थित उनके घर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। संजीव के पैतृक घर से निकली अंतिम यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए और भारत माता की जयघोष के बीच कमांडो को पुष्पवर्षा कर श्रद्धांजलि दी। अंतिम यात्रा नगर के मुख्य बाजार से होकर मस्तराम श्मशान घाट (अनूपशहर) पहुंची।

गार्ड ऑफ ऑनर के साथ विदाई

दिल्ली से आई 172 सीआरपीएफ कंपनी के इंस्पेक्टर आकाश शर्मा के नेतृत्व में जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा समेत कई पुलिस अधिकारी, पूर्व सैनिक और स्थानीय लोग मौजूद रहे। संजीव के छोटे भाई जतिन ने उन्हें मुखाग्नि दी।

परिवार में मातम, पत्नी और दो छोटे बच्चे विलाप कर उठे

पूर्व प्रधान सतेन्द्र चौहान ने बताया कि संजीव मूल रूप से गरहरा गांव के थे, बाद में परिवार मोरी गेट में बस गया। वर्ष 2018 में उनकी शादी प्रीति से हुई थी। संजीव दो बच्चों—नव्या और देवांश—के पिता थे, जो लगभग चार वर्ष के जुड़वा बच्चे हैं।.एसपीजी कमांडो संजीव तोमर की अकाल मृत्यु से क्षेत्र में शोक की लहर है। लोगों ने उन्हें कर्तव्यनिष्ठ, विनम्र और बहादुर जवान के रूप में याद किया।