ब्रिटेन के महाराजा किंग चार्ल्स को कैंसर हुआ

ब्रिटेन के महाराजा किंग चार्ल्स को कैंसर हुआ है। बकिंघम पैलेस ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। पैलेस ने एक बयान जारी कर बताया कि किंग चार्ल्स की सभी पब्लिक मीटिंग्स को कुछ समय के लिए टाल दिया गया है। पैलेस ने यह भी कहा कि किंग चार्ल्स अपने ट्रीटमेंट को लेकर बेहद सकारात्मक हैं।
75 साल के किंग चार्ल्स पिछले महीने ही तीन दिन के लिए अस्पताल में भर्ती थे। उनका प्रोस्टेट का ऑपरेशन हुआ था। उस समय उनके शरीर में किसी अन्य बीमारी के लक्षण दिखाई दिए थे। सोमवार को पैलेस ने बताया कि उन लक्षणों की जांच में एक प्रकार के कैंसर की पुष्टि हुई है। हालांकि, पैलेस ने यह भी बताया कि ये प्रोस्टेट कैंसर नहीं है।
पैलेस के बयान के मुताबिक, किंग चार्ल्स ने सोमवार को ही ट्रीटमेंट शुरू करवाया है। उनकी पब्लिक मीटिंग्स को पोस्टपोन किया गया है, हालांकि वे हेड ऑफ स्टेट के तौर पर अपना रोल निभाते रहेंगे। वे अपनी सभी प्राइवेट मीटिंग्स को जारी रखेंगे। किंग चार्ल्स ने खुद अपने दोनों बेटों- प्रिंस आफ वेल्स विलियम और ड्यूक ऑफ ससेक्स हैरी और अपने तीनों भाई-बहनों को अपने डायग्नोसिस के बारे में बताया है।
प्रिंस हैरी से जुड़े एक करीबी सूत्र ने बताया कि पिता को कैंसर होने की जानकारी मिलने के बाद वे उनसे मिलने के लिए ब्रिटेन जाएंगे। फिलहाल हैरी अपनी पत्नी मेगन मार्कल के साथ अमेरिका में रह रहे हैं।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, ‘किंग चार्ल्स को पूर्ण और शीघ्र स्वस्थ होने की शुभकामनाएं। मुझे यकीन है कि वह जल्दी ही पूरी ताकत के साथ वापस आएंगे। मैं ये भी जानता हूं कि पूरा देश उन्हें शुभकामनाएं भेज रहा होगा।’
8 नवंबर 2022 को ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ का 96 साल की उम्र में निधन होने के बाद चार्ल्स महाराजा बने थे। उनकी ताजपोशी 6 मई 2023 को हुई थी। इसके साथ ही किंग चार्ल्स ब्रिटेन के अब तक के सबसे बुजुर्ग राजा बन गए। ताजपोशी के वक्त उनकी उम्र 74 साल थी।