ब्रिटेन का अब तक का सबसे अधिक तापमान दर्ज, गर्मी से बेहाल हैं लोग

ब्रिटेन के मौसम कार्यालय ने मंगलवार को कहा कि दक्षिणी इंग्लैंड के सरे के चार्लवुड में 39.1 सेल्सियस (102.4F) का रिकॉर्ड उच्च तापमान दर्ज किया गया। दक्षिणी इंग्लैंड में गैटविक हवाई अड्डे के पास स्थित चार्लवुड में दोपहर से पहले ही तापमान रिकॉर्ड स्तर पहुंच गया था। यहां 2019 में 38.7C तापमान दर्ज किया गया था। लेकिन इस बार इसने पिछले रिकॉर्ड को भी पार कर लिया है। पूर्वानुमान बताते हैं कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ेगा। इसके 40 सेल्सियस (104 फारेनहाइट) तक पहुंचने की आशंका है। ब्रिटेन के मौसम विभाग ने ट्विटर पर कहा, “अगर पुष्टि हुई तो यह ब्रिटेन में अब तक का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया जाएगा।” ब्रिटेन इस समय अभूतपूर्व तापमान की वजह से “राष्ट्रीय आपातकाल” की स्थिति में है।
बता दें कि ब्रिटेन सहित लगभग पूरे यूरोप में इस समय लोगों को अप्रत्याशित भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। दक्षिणी यूरोप में भीषण गर्मी के खतरों को लेकर लोगों को आगाह किया जा रहा है। स्पेन और पड़ोसी पुर्तगाल में गर्मी की लहर में कम से कम 748 मौतें हुई हैं, जहां इस महीने की शुरुआत में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस (117 एफ) तक पहुंच गया था। इसके अलावा दक्षिण-पश्चिमी फ्रांस के गिरोंडे क्षेत्र में, सूखे देवदार के जंगलों में भयंकर आग फैल गई थी।
राजधानी लंदन के कुछ हिस्सों में सोमवार की रात काफी गर्म रही और तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ब्रिटेन के मौसम विभाग ने राजधानी लंदन समेत मध्य, उत्तरी और दक्षिण-पूर्वी इंग्लैंड के इलाकों में भीषण गर्मी के कारण रेड अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए नदियों और झीलों में नहाने के दौरान कम से कम पांच लोगों की डूबने से मौत हो गयी।
मौसम वैज्ञानिक रचेल आयेर्स ने कहा, “ब्रिटेन में मंगलवार का दिन गर्मी के मद्देनजर बेहद अप्रत्याशित हो सकता है, इंग्लैंड के कुछ इलाकों में इस दौरान तापमान संभवतः 41 डिग्री सेल्सियस के उच्च स्तर तक पहुंच जाएगा। यह एक रिकॉर्ड होगा। हमने पहली बार इंग्लैंड में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस देखा है।’’
रचेल आयेर्स के मुताबिक, भीषण गर्मी के कारण कुछ सड़क मार्गों को बंद किया जा सकता है जबकि ट्रेनों और उड़ानों को भी रद्द करने की संभावना है। भीषण गर्मी के कारण सड़कों पर फंसे हुए लोगों के स्वास्थ्य को भी गंभीर खतरा पैदा हो सकता है। पूर्वी इंग्लैंड के सफोल्क इलाके में सोमवार को अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। स्कॉटलैंड और वेल्स इलाकों में भी तापमान काफी अधिक रहा।