प्रोड्यूसर ने फिगर देखना चाहा तो छोड़ दी थी फिल्म, क्या क्या हुआ प्रियंका के साथ ?

ग्लोबल आइकन प्रियंका चोपड़ा आज 41 साल की हो चुकी हैं। 18 जुलाई 1982 को जमशेदपुर में जन्मीं प्रियंका सांवली रंगत वाली एक आम लड़की हुआ करती थीं, जिन्हें बचपन से ही रंगभेद और भद्दे कमेंट का सामना करना पड़ा था। 13 साल की उम्र में जब उन्हें अमेरिका पढ़ने भेजा गया तो उन्हें रंगभेद का सामना करना पड़ा। अमेरिकन बच्चों से परेशान होकर प्रियंका बाथरूम में छिपकर लंच करती थीं। जब 3 साल अमेरिका में गुजारने पर उनके रवैये में बदलाव हुआ तो पिता ने घर से निकलने और जींस पहनने पर भी पाबंदी लगा दी।
लेकिन हुनर और लगन ने उन्हें ज्यादा दिनों तक कामयाबी का मोहताज नहीं रहने दिया। महज 18 साल की उम्र में प्रियंका ने मिस वर्ल्ड बन मिसाल कायम की, लेकिन फिल्मों में जगह बनाने के लिए फिर उन्हें डायरेक्टर की गलत डिमांड और भद्दे कमेंट झेलने पड़े। आज वही प्रियंका चोपड़ा सबसे रईस बॉलीवुड एक्ट्रेसेस में गिनी जाती हैं।
18 जुलाई 1982 को जमशेदपुर, झारखंड में जन्मीं प्रियंका के पिता अशोक चोपड़ा और मां मधु चोपड़ा दोनों ही आर्मी में डॉक्टर थे। प्रियंका चोपड़ा के नाना डॉ. मनोहर किशन अखौरी, कांग्रेस के जाने-माने नेता थे, वहीं उनकी नानी मधु ज्योत्सना अखौरी बिहार लेजिस्लेटिव असेंबली मेंबर थीं
जब प्रियंका 4 साल की थीं तो उनके पिता की पोस्टिंग लेह में हुई थी। लेह में प्रियंका का परिवार वैली में बने एक बंकर में रहता था। वहां दूसरे आर्मी के लोग भी रहते थे। आर्मी में नौकरी करते हुए प्रियंका के पेरेंट्स की पोस्टिंग देश के अलग-अलग शहरों में हुई, ऐसे में प्रियंका का बचपन दिल्ली, चंडीगढ़, अंबाला, लद्दाख, लखनऊ, बरेली और पुणे में बीता।
महज 13 साल की उम्र में प्रियंका को पढ़ाई के लिए US भेज दिया गया। वो वहां अपनी आंटी के साथ रहती थीं। बचपन में सांवली रंगत होने के कारण प्रियंका को दूसरे अमेरिकन बच्चे भद्दे कमेंट कर चिढ़ाया करते थे। कई बच्चे बुली करते हुए उन पर भारत लौट जाने का दबाव बनाते थे।
प्रियंका खुद भी अपने फीचर्स और स्किन कलर से इतना अंडर कॉन्फिडेंट फील करती थीं कि वो जवाब देने के बदले सहमी हुई रहा करती थीं। दूसरे बच्चों से डरकर प्रियंका अपना लंच बाथरूम में बैठकर किया करती थीं, जिससे कोई उन्हें देखकर उनका मजाक न बनाए।
प्रियंका ने अपनी ऑटोबायोग्राफी अनफिनिश्ड में अपने पहले हार्टब्रेक से जुड़ा मजेदार किस्सा शेयर किया। उन्होंने लिखा कि उन्हें अमेरिका में 9वीं क्लास में पढ़ते हुए 10वीं क्लास में पढ़ने वाले बॉब से प्यार हो गया था। एक दिन प्रियंका की मौसी किरण घर से बाहर गई हुई थीं।

मौके का फायदा उठाते हुए 13 साल की प्रियंका ने बॉब को घर बुला लिया। प्रियंका-बॉब किस करने ही वाले थे कि अचानक मौसी लौट आईं। प्रियंका ने तुरंत बॉब को अलमारी में छिपा दिया, लेकिन वो पकड़ी गईं। घर में डांट पड़ी और बॉब ने उन्हें छोड़ दिया। बॉब कुछ दिनों बाद प्रियंका की ही दोस्त को डेट करने लगा, जिससे उनका दिल बुरी तरह टूट गया था
17 साल की उम्र में जब प्रियंका चोपड़ा अमेरिका से भारत आईं तो उनके रहन-सहन में बड़ा बदलाव आया। वो मॉडर्न बन चुकी थीं, लेकिन उनके पिता अशोक चोपड़ा को उनका बदला हुआ रवैया रास नहीं आ रहा था। इसी बीच महज 17 साल की उम्र में प्रियंका ने एक लोकल में क्वीन ब्यूटी पेजेंट जीता, जिससे उन्हें शहर भर के लोग जानने लगे थे।

द हावर्ड स्टर्न शो में प्रियंका ने खुलासा किया था कि जब भी वो कहीं जाती थीं, तो लड़के पीछे पड़ जाया करते थे। एक दिन एक लड़का उनका पीछा करते-करते उनकी बालकनी तक पहुंच गया। प्रियंका घबराईं और पिता के पास भाग गईं। इस हादसे के बाद प्रियंका के पिता ने उन्हें जमकर डांट लगाई और पाबंदियां लगानी शुरू कर दी।
पिता ने प्रियंका पर सख्ती बरतते हुए उनके बेडरूम की खिड़की को जाली से पैक करवा दिया और उनकी सारी जींस और वेस्टर्न कपड़े जब्त कर लिए। प्रियंका को घर से अकेले बाहर निकलने की इजाजत नहीं थी, वो जहां भी जाती थीं या तो उनके साथ घर का कोई बड़ा होता था या ड्राइवर। उन्हें सिर्फ सूट पहनने की ही इजाजत थी। बचपन में प्रियंका अपने पिता की सख्ती से काफी निराश हुई थीं।
प्रियंका का ग्लैमरस वर्ल्ड की तरफ झुकाव देखकर एक दिन उनकी मां मधु ने उनका फेमिना मिस इंडिया के लिए फॉर्म भर दिया। जैसे ही ये बात पिता को पता चली तो घर में हंगामा मच गया। पिता ने मां को डांटते हुए कहा था कि जब वो पढ़ाई में अच्छी है तो उसे मिस इंडिया में क्यों भेजना है, उसके दिमाग में अभी से ये सब डालना ठीक नहीं है। कुछ समय बाद मधु ने अशोक को समझाया तो वो भी मान गए, लेकिन अब प्रियंका नर्वस हो चुकी थीं।
प्रियंका ने मां से कहा कि वो ये सब नहीं करना चाहतीं न ही वो इसमें कामयाब हो सकेंगी। मधु ने उन्हें बैठाया और कहा कि अगर तुम नहीं भी जीती तो पढ़ाई का कोई नुकसान नहीं होगा, तुम दोबारा पढ़ सकती हो, लेकिन ये एक बड़ा मौका है। मां के कहने पर प्रियंका ने मिस इंडिया में हिस्सा लिया और जीत हासिल की। आगे प्रियंका ने मिस वर्ल्ड में भारत को रिप्रेजेंट किया।
मिस वर्ल्ड के बैकस्टेज में करीब 90 लड़कियां फिनाले के लिए तैयार हो रही थीं। प्रियंका ने भी हड़बड़ी में तैयार होना शुरू कर दिया। वो अपने बाल कर्ल कर रही थीं कि तभी अचानक टोके जाने पर उन्होंने हड़बड़ाहट में अपना चेहरा जला लिया। उनके चेहरे में बड़ा सा दाग आ चुका था, जिसे उन्होंने कंसीलर और बालों से ढंका था।
फिनाले में प्रियंका चोपड़ा से पूछा गया था कि वो किस जीवित महिला को सबसे कामयाब मानती हैं। जवाब में प्रियंका ने मदर टेरेसा का नाम लिया था, जिनका निधन 3 साल पहले ही हो चुका था, जबकि सवाल जीवित महिला के बारे में पूछा गया था। इसके बावजूद प्रियंका को ताज मिला।
प्रियंका चोपड़ा ने मिस वर्ल्ड के फिनाले में जो ड्रेस पहनी थी वो बेहद भारी थी। उसे शरीर से चिपकाए रखने के लिए प्रियंका चोपड़ा ने बॉडी टेप से उसे चिपकाया था। जब मिस वर्ल्ड 2000 के विजेता के रूप में प्रियंका के नाम की घोषणा हुई तो ये प्रियंका की जिंदगी का सबसे यादगार लम्हा था, लेकिन ये वो लम्हा था जब प्रियंका एक इंटरनेशनल मंच पर शर्मिंदा होने से बाल-बाल बचीं। उनकी ड्रेस धीरे-धीरे नीचे आने लगी, जो फिसलने ही वाली थी, लेकिन उन्होंने इस अंदाज में नमस्ते किया, जिससे उनकी ड्रेस शरीर से चिपकी रहे
साल 2022 में पूर्व मिस बारबाडोस लीलानी मैककने ने प्रियंका और उनकी जीत पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने यूट्यूब वीडियो में कहा था कि मिस वर्ल्ड 2000 में प्रियंका की जीत पहले ही फिक्स थी। उस साल मिस वर्ल्ड का स्पॉन्सर इंडियन केबल स्टेशन जीटीवी था। हर लड़की के सैश में देश के नाम से पहले जी टीवी का नाम लिखा था। उस समय मिस इंडिया प्रियंका चोपड़ा और दूसरी लड़कियों में बहुत भेदभाव होता था। प्रियंका को उनके होटल रूम में खाना मिलता था, जबकि दूसरी लड़कियों को एक साथ खाना मिलता था।
पूर्व मिस बारबाडोस ने आगे कहा था- प्रियंका पेजेंट के दौरान स्किन कलर सुधारने के लिए एक फेस क्रीम लगाती थीं, जो असर नहीं कर रही थी। स्विमसूट राउंड में उसके शरीर पर धब्बे थे, जिन्हें छिपाने के लिए उसने बिकिनी नहीं बल्कि सरोंग पहनी थी। जबकि किसी भी कंटेस्टेंट को इसकी इजाजत नहीं थी। फिनाले में भी स्पॉन्सर्स ने उसकी ड्रेस स्पेशल बनाई थी।
मिस वर्ल्ड जीतने के बाद प्रियंका को लगातार बॉलीवुड फिल्मों के ऑफर मिलने लगे। प्रियंका ने 3 फिल्मों के ऑफर कबूल कर लिए। इसी बीच उन्होंने अपनी नाक की बनावट सुधरवाने के लिए नोज सर्जरी करवाई। सर्जरी के दौरान उनका नोज ब्रिज कोलैप्स हो गया और नाक बुरी तरह बिगड़ गई। उनकी बिगड़ी नाक के चलते उनके हाथों से दो फिल्में निकल गईं।
वो 2002 की फिल्म हमराज से डेब्यू करने वाली थीं, लेकिन उनकी जगह अमीषा पटेल को साइन कर लिया गया। दूसरी फिल्म भी हाथ से निकली और तीसरी फिल्म द हीरोः लव स्टोरी ऑफ ए स्पाई में उन्हें लीड रोल से हटाकर साइड रोल दे दिया गया। शुरुआत में ही फिल्में हाथ से निकलती देख प्रियंका डिप्रेशन में चली गई थीं। फिल्म द हीरो से पहले प्रियंका ने 2002 की तमिल फिल्म थमिजान से एक्टिंग करियर की शुरुआत की, जिसके अगले साल द हीरो फिल्म प्रियंका की पहली बॉलीवुड फिल्म बनी।
प्रियंका चोपड़ा ने अपनी ऑटोबायोग्राफी अनफिनिश्ड में खुलासा किया है कि कैसे एक डायरेक्टर ने उन्हें 3 सर्जरी करवाने की सलाह दी थी। प्रियंका ने बुक में लिखा है कि फिल्मों में एंट्री लेने से पहले उनकी मुलाकात एक डायरेक्टर से हुई थी। उस डायरेक्टर ने प्रियंका से कहा कि वो खड़ी हो जाएं और घूमकर अपनी बॉडी दिखाएं।
प्रियंका ने बात मान ली और उसके सामने खड़ी हो गईं। उस डायरेक्टर ने कुछ मिनटों तक उन्हें घूरा और कहा कि तुम्हें अपने ब्रेस्ट, बट और जबड़े की सर्जरी करवानी चाहिए। प्रियंका का मैनेजर भी उस डायरेक्टर की हां में हां मिला रहा था। यही कारण रहा कि प्रियंका ने उसे हटा दिया।
हाल ही में प्रियंका चोपड़ा ने जोए रिपोर्ट से बातचीत में चौंकाने वाला खुलासा किया। प्रियंका ने बताया कि कैसे करियर की शुरुआत में डायरेक्टर की गलत डिमांड न मानने पर उन्हें फिल्म से निकाला गया था। उन्होंने कहा था, बात 2002-2003 की है, जब मैं एक फिल्म में काम कर रही थी। एक सीन के लिए मुझे हीरो को सिड्यूस करना था।
इसी बीच डायरेक्टर चाहता था कि प्रियंका अपने अंडरगारमेंट दिखाएं। डायरेक्टर ने सबके सामने स्टाइलिस्ट से कहा कि अगर ये अंडरगारमेंट्स नहीं दिखाएगी तो फिल्म कैसे चलेगी।
प्रियंका को ये सुनकर बहुत बुरा फील हुआ। उन्हें लगा कि उनकी एक्टिंग या टैलेंट का कोई महत्व नहीं है। ऐसे में उन्होंने 2 दिन बाद ही फिल्म छोड़ दी
प्रियंका चोपड़ा ने फिल्म अंदाज से बतौर लीड करियर की शुरुआत की थी। फिल्म में उनके साथ अक्षय कुमार और डेब्यूटेंट लारा दत्ता थीं। फिल्म शूटिंग के शुरुआती दिन थे और प्रियंका चोपड़ा को अंदाज फिल्म के टाइटल सॉन्ग की शूटिंग करनी थी। शूट के दौरान प्रियंका एक स्टेप 40 टेक होने के बाद भी ठीक से नहीं कर सकीं।
ये देखते हुए उस गाने के कोरियोग्राफर राजू खान (सरोज खान के बेटे) इतना गुस्से में आ गए कि उन्होंने माइक फेंकते हुए प्रियंका को सबके सामने फटकार लगा दी। उन्होंने कहा, तुम मिस वर्ल्ड हो तो तुम्हें लगता है कि तुम एक्ट्रेस बन जाओगी। जाओ पहले सीखकर आओ कि डांस कैसे करते हैं, उसके बाद परफॉर्म करना।
डांट पड़ने पर प्रियंका ने ब्रेक लिया और पंडित वीरू कृष्णन से कथक सीखा। वो रोजाना 6-6 घंटे प्रैक्टिस किया करती थीं। जब वो लौंटी तो उन्होंने एक बार में ही सीन कर दिया। फिल्म अंदाज में प्रियंका के अभिनय को खूब सराहा गया था। इसके लिए प्रियंका को बेस्ट फीमेल डेब्यू का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला था
अंदाज फिल्म से पहचान हासिल करने के बाद प्रियंका 2004 में 5 फिल्मों प्लान, किस्मत, असंभव, मुझसे शादी करोगी और एतराज में दिखीं। शुरुआती 3 फिल्में बुरी तरह फ्लॉप रहीं, लेकिन सलमान खान और अक्षय के साथ फिल्म मुझसे शादी करोगी ने प्रियंका को बॉलीवुड में पहचान दिला दी। इसी साल प्रियंका ने फिल्म एतराज में सोनिया रॉय का नेगेटिव रोल निभाया। इस रोल के लिए उन्हें नेगेटिव रोल का फिल्मफेयर अवॉर्ड दिया गया। क्रिटिक ने माना कि प्रियंका ने नेगेटिव रोल होने के बावजूद खुद पर लोगों का ध्यान खींचा।
प्रियंका चोपड़ा अपने करियर में करीब 52 फिल्में कर चुकी हैं। प्रियंका ने अपने शुरुआती करियर में कई फ्लॉप फिल्में दीं, लेकिन 2006 में उन्होंने साल की दो सबसे बड़ी फिल्मों कृष और डॉन में काम किया। 2008 की फैशन के लिए प्रियंका को पहला नेशनल अवॉर्ड मिला। प्रियंका की डॉन 2 (2011), अग्निपथ (2012) और कृष 3 (2013) तीन सालों की 2 हाईएस्ट ग्रॉसिंग फिल्में रहीं
वहीं कमीने (2009), 7 खून माफ (2011), बर्फी (2012), मैरी कॉम (2014) और बाजीराव मस्तानी (2015) उनके करियर की सबसे बेहतरीन फिल्में कही जाती हैं। 2015 में प्रियंका हॉलीवुड ड्रामा सीरीज क्वांटिको में अहम किरदार निभाकर इंटरनेशनल स्टार बनीं। इसके बाद प्रियंका बेवॉच, सिटाडेल जैसी कई हॉलीवुड फिल्मों का भी हिस्सा रहीं। प्रियंका हॉलीवुड में सबसे ज्यादा काम करने वाली बॉलीवुड एक्ट्रेस हैं
आर्मचेयर एक्सपर्ट को दिए एक इंटरव्यू में प्रियंका ने निक जोनस से पहली बातचीत और अपनी लव स्टोरी शेयर की। प्रियंका ने बताया कि वो एक टॉक्सिक रिलेशनशिप में थीं, तभी उनके ट्विटर पर निक जोनस का मैसेज आया। प्रियंका के दोस्त चाहते थे कि वो निक से मिलें, लेकिन क्योंकि निक उम्र में 10 साल छोटे थे
इसके बावजूद अपने पिछले रिश्ते से नाखुश प्रियंका ने निक से बात की और दोनों की दोस्ती हो गई। नंबर एक्सचेंज करने के बाद दोनों 2017 में मेट गाला में पहली बार मिले और चंद मुलाकातों के बाद दोनों 2018 में रिलेशनशिप में आ गए। डेटिंग के दो महीने बाद ही दोनों ने सगाई कर ली और 1 दिसंबर 2018 में शादी। जनवरी 2022 में सरोगेसी के जरिए बेटी का जन्म हुआ। जिसका नाम मालती रखा गया
कुछ समय पहले प्रियंका चोपड़ा ने डेक्स शेफर्ड के पॉडकास्ट में बॉलीवुड छोड़कर हॉलीवुड में करियर बनाने पर बात की। उन्होंने बताया कि वो बॉलीवुड में होने वाली पॉलिटिक्स से थक चुकी थीं। उन्हें हर कोई साइडलाइन कर रहा था। जो ऑफर मिले वो भी बेहद मामूली थे, ऐसे में उन्होंने हॉलीवुड जाने का फैसला किया था
प्रियंका चोपड़ा हर फिल्म के 22 करोड़ रुपए और हर एक स्पॉन्सर्ड इंस्टाग्राम पोस्ट के लिए 1.8 करोड़ रुपए चार्ज करती हैं। प्रियंका का लॉस एंजिल्स में 150 करोड़ का आलीशान मेंशन है। 2013 में प्रियंका ने गोवा में एक बीच हाउस भी खरीदा था, जिसकी कीमत 20 करोड़ रुपए है।

प्रियंका चोपड़ा को कई महंगी गाड़ियों का शौक है। उनके कार कलेक्शन में 5.25 करोड़ रुपए की रोल्स रॉयस घोस्ट, 58.70 लाख रुपए की बीएमडब्ल्यू 5 सीरीज, 1.5 करोड़ रुपए की बीएमडब्ल्यू 7 सीरीज, पोर्शे कायेन, मर्सिडीज बेंज ई- क्लास, मर्सिडीज बेंस एस- क्लास और ऑडी क्यू7 जैसी गाड़ियां शामिल हैं।