24 सितंबर को आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा से शादी करने वाली हैं बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा

बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा 24 सितंबर को आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा से शादी करने वाली हैं। दोनों की शादी की रस्में उदयपुर, राजस्थान के द लीला पैलेस में शुरू हो चुकी हैं। जहां एक तरफ लेडीज वर्सेस रिक्की बहल से बॉलीवुड डेब्यू करने वालीं परिणीति ग्लेमरस और लग्जरी जिंदगी जीती हैं, वहीं राघव चड्ढा एक मिडिल क्लास वाली आम जिंदगी जीते हैं। दोनों की उम्र में बस 25 दिनों का ही फर्क है, हालांकि कमाई, कार कलेक्शन और संपत्ति में दोनों का कोई मुकाबला नहीं है। जहां एक तरफ परिणीति 99 लाख की जैगुआर XJL गाड़ी से घूमती हैं वहीं राघव की नेटवर्थ इसकी आधी है।
परिणीति चोपड़ा की कुल नेटवर्थ 60 करोड़ रुपए की है। फिल्मों के अलावा परिणीति ब्रांड एंडोर्समेंट से भी अच्छी खासी कमाई करती हैं। वो अब तक कुरकुरे, माजा, पेंटीन शैंपू के एड का हिस्सा रह चुकी हैं। वो हर फिल्म के 4-6 करोड़ रुपए फीस चार्ज करती हैं।
परिणीति चोपड़ा के कार कलेक्शन में ऑडी A-6, जैगुआर XJL, ऑडी Q-5 शामिल हैं। जैगुआर उनके कलेक्शन की सबसे महंगी गाड़ी है, जिसकी कीमत 99 लाख तक बताई जाती है। जबकि ऑडी A-6 की कीमत 61 लाख और ऑडी Q-5, 55 लाख रुपए तक आती है।
वहीं, राघव चड्ढा के पास 2009 के मॉडल वाली मारुति स्विफ्ट डिजायर कार है। इसके अलावा राघव के पास 90 ग्राम सोना है, जिसकी कीमत लगभग 4 लाख रुपए है।
परिणीति चोपड़ा ने इंग्लैंड से बिजनेस की डिग्री हासिल करने के बाद भारत आकर यशराज स्टूडियो के मार्केटिंग डिपार्टमेंट में इंटर्नशिप की। इंटर्नशिप पूरी होते ही परिणीति को यशराज प्रोडक्शन में ही पब्लिक रिलेशनशिप कंसल्टेंट की नौकरी मिल गई। उस समय प्रोडक्शन फिल्म बैंड बाजा बारात बना रहा था। शूटिंग के दौरान ही परिणीति को एहसास हो गया कि वो एक्ट्रेस बनना चाहती हैं।
उनकी प्रोडक्शन के कास्टिंग डायरेक्टर से दोस्ती थी, जिनके कहने पर उन्होंने ऑडिशन दिया। एक इंटरव्यू में परिणीति ने बताया कि पहले ऑडिशन में उन्होंने फिल्म जब वी मेट की गीत (करीना कपूर) के डायलॉग बोले थे। एक दिन प्रोडक्शन के प्रोड्यूसर आदित्य चोपड़ा ने उनके ऑडिशन टेप देखे और एक्टिंग से इंप्रेस होकर उनके साथ 3 फिल्मों का कॉन्ट्रैक्ट साइन कर लिया।
परिणीति ने साल 2011 में रिलीज हुई फिल्म लेडीज वर्सेस रिक्की बहल से बॉलीवुड डेब्यू किया था, जिसमें अनुष्का शर्मा और रणवीर सिंह लीड रोल में थे। फिल्म हिट रही जिसके बाद परिणीति को बतौर लीड 2012 की फिल्म इश्कजादे में काम मिला। इस फिल्म के लिए परिणीति ने स्पेशल मेंशन का नेशनल अवॉर्ड जीता। तब से लेकर अब तक परिणीति कुल 16 फिल्मों का हिस्सा रही हैं।
राघव चड्ढा ने भी साल 2011 में ही करियर की शुरुआत की थी। चार्टेड अकाउंटेंट की प्रैक्टिस करते हुए साल 2011 में राघव अन्ना हजारे के इंडिया अगेंस्ट करप्शन मूवमेंट का हिस्सा बने। मूवमेंट के दौरान ही राघव की मुलाकात अरविंद केजरीवाल (दिल्ली के मुख्यमंत्री) से हुई थी और वो आम आदमी पार्टी से जुड़ गए। अरविंद केजरीवार के कहने पर ही राघव चड्ढा ने लोकपाल बिल के लिए ड्राफ्ट तैयार किया था, जो उनका पहला पॉलिटिकल टास्क था।
इसके बाद से ही राघव चड्ढा आम आदमी पार्टी के टीवी रिप्रेजेंटेटिव बन गए। ये आम आदमी पार्टी सबसे यंग नेशनल स्पोक्सपर्सन हैं। वहीं राघव की गिनती भारत के सबसे कम उम्र के नेताओं में भी होती है। जब साल 2015 में आम आदमी पार्टी ने दिल्ली लेजिस्लेटिव असेंबली इलेक्शन में जीत हासिल की तब राघव चड्ढा 26 साल की उम्र में आम आदमी पार्टी के नेशनल ट्रेजरार बने।
2019 में राघव लोकसभा इलेक्शन में साउथ दिल्ली से बीजेपी केंडिडेट रमेश भिदुरी के सामने खड़े हुए थे, हालांकि इशमें उन्हें भारी मतों से हार मिली। इसके बाद 2020 में उन्हें आम आदमी पार्टी की तरफ से पंजाब विधान सभा चुनाव का सह-प्रभारी बनाया गया है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 में राघव ने राजेंद्र नगर में बीजेपी केंडिडेट आरपी सिंह के खिलाफ 20 हजार वोटों से जीत हासिल की। इसके बाद उन्हें दिल्ली जल बोर्ड का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। साल 2022 में उन्हें पंजाब के राज्यसभा मेंबर की नियुक्ति मिली। इसी के साथ राघव 33 साल की उम्र में सांसद बनने वाले भारत के सबसे यंग सांसद हैं। इसके अलावा राघव पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की एडवाइजरी पेनल के चेयरमैन भी हैं।
राघव-परिणीति की शादी की रस्में उदयपुर के द लीला पैलेस में शुरू हो चुकी हैं। शादी में शामिल होने के लिए कई मेहमान उदयपुर पहुंच चुके हैं। इस शादी में 4 राज्यों के सीएम समेत कई सेलिब्रिटीज शामिल होने वाले हैं।
सिक्योरिटी के मद्देनजर फिल्हाल शादी में आने वाले मेहमानों की लिस्ट को सीक्रेट रखा गया है। इसके अलावा सिक्योरिटी के लिए पुलिस ने 15 जगह नाकाबंदी की है। भास्कर रिपोर्टर्स के अनुसार शादी में 100 सिक्योरिटी गार्ड मौजूद रहेंगे।
शादी में आने वाले किसी भी मेहमान को तस्वीरें क्लिक करने की इजाजत नहीं होगी। इसके लिए शादी में एंटर हो रहे सभी मेहमानों के फोन कैमरा को ब्लैक टेप की मदद से सील किया जाएगा। होटल के स्टाफ को भी एक यूनीक नंबर और आईकार्ड दिया गया है, जिसकी स्कैनिंग के बाद ही उन्हें अंदर आने दिया जाएगा।
फोटोग्राफी के लिए 12 प्राइवेट फोटोग्राफर्स और वीडियोग्राफर्स की टीम मुंबई से बुलाई गई है। इसेक अलावा मेहंदी और मेकअप आर्टिस्ट भी मुंबई से ही हायर किया गया है।
मेहमानों के स्वागत के लिए उदयपुर के डबोक स्थित महाराणा प्रताप एयरपोर्ट एक एग्जिट पॉइंट पर ढोल-नगाड़ों से मेहमानों का स्वागत किया जा रहा है।
दिल्ली CM अरविंद केजरीवाल और पंजाब के CM भगवंत मान इस शादी में शामिल होने के लिए 23 सितंबर की शाम उदयपुर पहुंचने वाले हैं। वो 25 सितंबर तक पैलेस में ही ठहरेंगे। राजस्थान के CM अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के CM भूपेश बगेघ भी इस शादी में आ सकते हैं।
इसके अलावा परिणीति की तरफ से उनकी कजिन प्रियंका चोपड़ा, निक जोनस, मनीष मल्होत्रा, करण जौहर भी शादी में पहुंचेंगे।
23 सितंबर की दोपहर को चूड़ा सेरेमनी होने वाली है, इसके लिए कपल ने 10 लाख प्रति दिन के किराए वाले कमरे को लिया है। इसके बाद द लीला पैलेस में लंच होगा।
उदयपुर के द लीला पैलेस होटल को वर्ल्ड ट्रेवल प्लस लीजायर के सर्वेक्षण में इसी साल दुनिया के टॉप-3 होटल में जगह मिली है। 2019 में न्यूयॉर्क की पॉपुलर ट्रैवल मैगजीन ट्रैवल प्लस लीजायर में द लीला पैलेस होटल दुनिया की 100 बेस्ट होटल्स की लिस्ट में प्रथम था। इस 5-स्टार होटल में 8 तरह के सुइट और 80 लग्जरी कमरे हैं।