राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की बंगलूरू में 21 से 23 मार्च के बीच होने वाली प्रतिनिधि सभा की बैठक से पहले भाजपा को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए जरूरी 50 फीसदी राज्यों में संगठन चुनाव को लेकर पार्टी नए सिरे से सक्रिय हुई है। चयनित राज्यों को 14 मार्च तक संगठन चुनाव संपन्न कराने का निर्देश दिया गया है। पार्टी के संविधान के मुताबिक, नए अध्यक्ष के चुनाव के लिए 50 फीसदी राज्यों में संगठन चुनाव जरूरी हैं। पार्टी अब तक इसके लिए जरूरी 18 राज्यों में से 12 राज्यों में ही संगठन चुनाव संपन्न करा पाई है। भाजपा के अतिविशिष्ट सूत्र ने कहा कि प्रतिनिधि सभा की बैठक बेहद अहम है। बैठक में संघ के शताब्दी वर्ष से लेकर भावी रणनीतियों पर मंथन होना है। हम चाहते हैं कि इस बैठक में हमारा नया अध्यक्ष शिरकत करे। इसके लिए छह राज्यों में संगठन चुनाव कराने हैं। हम इस लक्ष्य को दो सप्ताह के अंदर पूरा कर लेंगे। इसके लिए चयनित राज्यों को युद्ध स्तर पर संगठन चुनाव को निपटाने का निर्देश जारी किया गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्वाचन के लिए 36 में से 18 राज्यों में संगठन चुनाव जरूरी हैं। अब तक राजस्थान, सिक्किम, नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गोवा, लक्षद्वीप और मेघालय में ही संगठन चुनाव संपन्न हुए हैं। उत्तर प्रदेश के जिला अध्यक्षों की सूची केंद्रीय नेतृत्व ने कई बार अस्वीकार कर दी है। झारखंड, कर्नाटक, हरियाणा, पश्चिम बंगाल जैसे कई राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर सहमति नहीं बन पा रही है।
संघ प्रतिनिधि सभा की बैठक से पहले भाजपा को मिलेगा नया अध्यक्ष
