CM योगी समेत भाजपा पदाधिकारी होंगे शामिल, भाजपा कार्यालय में सुनेंगे ‘मन की बात’

लखनऊ में रविवार को भाजपा इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में कार्यशाला का शुभारंभ करेगी। कार्यक्रम में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, CM योगी सहित भाजपा पदाधिकारी शामिल होंगे। 28 अगस्त से 15 सितंबर तक भाजपा 75 जिलों में जिला स्तरीय कार्यशाला अभियान चलाएगी। इससे पहले भाजपा कार्यालय में सभी लोग पीएम मोदी के मन की बात सुनेंगे।
भाजपा अपने सोशल मीडिया नेटवर्क को बढ़ाने के लिए शंखनाद अभियान शुरू करेगी। अभियान की सफलता के लिए सोशल मीडिया और IT विभाग की प्रदेश स्तरीय संयुक्त कार्यशाला आयोजित की गई है। कार्यशाला में पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी एल संतोष, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक जी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह सहित अन्य पार्टी पदाधिकारियों को मार्गदर्शन करेंगे
प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में सभी आईटी सेल की टीम भाग लेंगी। प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता ने बताया कि कार्यशाला का उद्घाटन सुबह 11ः40 बजे होगा। इसके पूर्व कार्यशाला में उपस्थित सभी प्रतिनिधि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुबह 11 बजे से राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी एल संतोष के साथ सुनेंगे।
प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में पार्टी के प्रदेश महामंत्री, क्षेत्रीय अध्यक्ष, सोशल मीडिया और आईटी विभाग की प्रदेश एवं क्षेत्र स्तरीय टोली, सोशल मीडिया के जिला एवं लोकसभा के संयोजक सह संयोजक, आईटी विभाग के जिला संयोजक सह संयोजक सम्मलित होंगे। जिला स्तरीय सोशल मीडिया कार्यशालाएं 28 अगस्त से 15 सितम्बर के मध्य सम्पन्न होंगी।