भाजपा चुनाव जीतने वाली नहीं दिल जीतने वाली पार्टी है- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

भाजपा जीतती है तो उसे चुनाव जीतने वाली मशीन कहा जाता है, लेकिन जब दूसरे हमें हराते हैं तो उनकी पार्टी और नेताओं की वाहवाही होती है। भाजपा को चुनाव जीतने वाली मशीन बताने वाले लोग भारत के परिपक्व लोकतंत्र को समझ नहीं पा रहे हैं। भाजपा चुनाव जीतने की मशीन नहीं है, बल्कि दिल जीतने वाली पार्टी है। हम सत्ता में रहे या न रहें, पांच साल तक मेहनत करते हैं। यह बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने भाजपा के 41वें स्थापना दिवस पर देशभर के कार्यकर्ताओं को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करते हुए कही। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर कड़ा प्रहार किया। 

प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान कहा कि भाजपा वंशवाद के खिलाफ है। वह सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास में यकीन करती है। देश के आखिरी व्यक्ति और आखिरी इलाके तक पहुंचने का पार्टी का अनवरत संघर्ष जारी है। केरल और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में हमारे कार्यकर्ताओं को धमकियां दी जाती हैं, उन पर और उनके परिवार पर हमले होते हैं। देश के लिए जीना-मरना, एक विचारधारा को लेकर अड़े रहना, ये भाजपा के कार्यकर्ता की विशेषता है। वहीं वंशवाद और परिवारवाद का हश्र भी 21वीं सदी का भारत देख रहा है। हमारा मंत्र ‘व्याक्ति से बड़ा दल और दल से बड़ा देश’ है। यह परंपरा आज भी जारी है। हमने श्यामा प्रसाद मुखर्जी के दृष्टिकोण (एक भारत) को पूरा किया,अनुच्छेद 370 को खत्म कर दिया और कश्मीर को संवैधानिक अधिकार दिया।

देश सामने विपक्ष द्वारा खड़े किए फाल्स नैरेटिव की ओर इशारा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कभी सीएए तो कभी कृषि बिल के नाम पर राजनीति हो रही है। कभी कहा जाता है कि संविधान खत्म कर दिया जाएगा। कभी कहा जाता है कि किसान की जमीन छीन ली जाएगी। कभी कहा जाता है कि नागरिकता वापस ली जाएगी। ऐसा कहने वाले लोग अपनी पराजय पर पर्दा डालने के लिए या फिर भाजपा से जन्मजात विरोध के कारण यह सब कर रहे हैं, लेकिन हमें सावधान होने की जरूरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से झूठ की इस राजनीति को उजागर करने का आह्वान किया।