बिजनौर:यूपी के बिजनौर में फर्जी जज साहिबा गिरफ्तार, फर्जी आईडी से लिया था 35 लाख का बैंक लोन

बिजनौर:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 अक्टूबर 2025 जनपद में पुलिस ने एक महिला को फर्जी जज बनकर लोगों को धोखा देने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला का नाम आयशा परवीन बताया जा रहा है, जिसने खुद को जज बताकर एचडीएफसी बैंक से 35 लाख रुपये का लोन हासिल किया था।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को एक सप्ताह से महिला की तलाश थी। जांच में पता चला था कि उसने जो आई कार्ड बैंक को दिखाया था, वह फर्जी था। रविवार को जब पुलिस ने चेकिंग के दौरान उसे रोका, तो उसकी बॉडी लैंग्वेज और घबराहट देखकर दरोगा को शक हुआ।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जब महिला से पहचान पत्र मांगा गया तो उसने जज का आई कार्ड दिखाया, जिसे देखकर पुलिस सतर्क हो गई। जब कार्ड की बारीकी से जांच की गई तो वह फर्जी निकला। पूछताछ में महिला ने खुद स्वीकार किया कि उसने यह पहचान पत्र ऑनलाइन तैयार करवाया था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला के साथ उसका पति भी शामिल था, जिसने फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से बैंक से लोन दिलाने में मदद की थी। दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस की कार्रवाई:

थाना कोतवाली शहर पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या महिला ने इसी तरह की ठगी अन्य जिलों या बैंकों में भी की है।

थाना प्रभारी ने बताया:

चेकिंग के दौरान महिला की हरकतें संदिग्ध लगीं। जब उससे पहचान पत्र मांगा गया, तो उसने जो आईडी दिखाई वह फर्जी पाई गई। महिला के खिलाफ धोखाधड़ी की गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी आयशा परवीन और उसके पति को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।