लाल किले से पीएम मोदी के संबोधन की बड़ी बातें, जानें एक नजर में सबकुछ

75वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से आठवीं बार देश को संबोधित किया। पीएम मोदी ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश को आगे बढ़ाने वालों का अभिनंदन करता हूं। देश महापुरुषों का ऋणी है। पीएम मोदी ने ओलंपिक विजेताओं का ताली बजाकर स्वागत किया। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कोरोना महामारी और उससे निपटने के बारे बताया। आइए जानते हैं पीएम मोदी के संबोधन की खास बातें

सैनिक स्कूलों में पढ़ेंगी बेटियां
मोदी बोले कि मुझे कई गुजारिश मिलीं कि बेटियां भी सैनिक स्कूल में पढ़ना चाहती हैं. दो-ढाई साल पहले मिजोरम के सैनिक स्कूल में प्रयोग के तौर पर बेटियों को दाखिला देने का फैसला लिया गया था। अब देश के सभी सैनिक स्कूलों में बेटियों का भी एडमिशन हो सकेगा। इन्हें बेटियों के लिए खोल दिया जाएगा।

नेशनल हाइड्रोजन मिशन का एलान
पीएम मोदी  ने नेशनल हाइड्रोजन मिशन का एलान किया। ऊर्जा के क्षेत्र में यह भारत की नई प्रगति होगी। भारत इससे आत्मनिर्भर बनेगा। इससे ग्रीन जॉब के लिए अवसर खुलेंगे।  भारत को आज नए नजरिए देखा जा रहा है। 

नई शिक्षा नीति में भाषा रुकावट नहीं
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति में भाषा रुकावट नहीं बनेगी। खेल को इसका मुख्य हिस्सा बनाया गया है।अब खेल के प्रति जागरूकता बढ़ी है। पहले माता-पिता कहते थे पढ़ोगे नहीं तो खेलते रह जाओगे, लेकिन आज उनका भी नजरिया बदला है। ओलंपिक भी एक बड़ा टर्निंग प्वाइंट है। बोर्ड का रिजल्ट हो या ओलंपिक का मैदान, बेटियां बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं।

सैंकड़ों पुराने कानूनों को खत्म किया गया
देश के सैंकड़ों पुराने कानूनों को खत्म किया गया। कोरोना काल में भी 15 हजार से ज्यादा अनुपालनों को समाप्त किया गया।  200 साल पहले से एक कानून चला आ रहा था, इसकी वजह से देश के नागरिक को मैपिंग (नक्शा) बनाने की स्वतंत्रता नहीं थी। ऐसे कानूनों का बोझ लेकर चलना ठीक नहीं था। इसलिए गैर जरूरी कानूनों को खत्म किया गया।  

गति शक्ति से यातायात में क्रांति होगी
आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पीएम गति शक्ति योजना जल्द ही लॉन्च होगी। गति शक्ति से यातायात में क्रांति आएगी। गति शक्ति भारत के कायाकल्प का आधार बनेगी।