मथुरा में बड़ी कार्रवाई : यूको बैंक की सीनियर मैनेजर 2 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 सितम्बर 2025 केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए यूको बैंक की सीनियर मैनेजर गरिमा सिंह को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों के अनुसार, गरिमा सिंह पर एक ग्राहक से ऋण संबंधी कार्य में सुविधा देने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायत दर्ज होने के बाद सीबीआई की टीम ने जाल बिछाया और तयशुदा राशि लेते समय उन्हें पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने बैंक शाखा और आरोपी के आवास पर तलाशी अभियान भी चलाया, जिसमें कई अहम दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की जांच जारी है। CBI अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और सरकारी/अर्ध-सरकारी संस्थानों में पारदर्शिता और ईमानदारी बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे। इस घटना के सामने आने के बाद बैंकिंग क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। आम जनता का कहना है कि ऐसे मामलों से न केवल संस्थान की छवि खराब होती है बल्कि आम ग्राहकों का विश्वास भी टूटता है।

👉 अब देखना यह होगा कि जांच पूरी होने के बाद इस मामले में और कौन-कौन से नाम सामने आते हैं।