बहराइच: बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित

बहराइच:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 दिसंबर 2025 जिला मुख्यालय स्थित आंबेडकर पार्क में भारत रत्न, भारतीय संविधान के शिल्पी एवं महान समाज सुधारक बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर प्रगतिशील विश्व मौर्य परिषद के पदाधिकारियों द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन के प्रदेश अध्यक्ष आशीष कुमार मौर्य ने कहा कि बाबा साहेब का संपूर्ण जीवन संघर्ष, कड़ी मेहनत, शिक्षा और दृढ़ संकल्प का अद्वितीय उदाहरण है। उनका जीवन हमें यह संदेश देता है कि शिक्षा के माध्यम से किसी भी प्रकार की सामाजिक असमानता और चुनौतियों पर विजय प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि हमें बाबा साहेब के विचारों और आदर्शों को आत्मसात कर समाज में समानता, शिक्षा और भाईचारे को बढ़ावा देने का संकल्प लेना चाहिए, तभी उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित होगी।

उन्होंने यह भी कहा कि डॉ. आंबेडकर द्वारा संविधान में आरक्षण का प्रावधान सामाजिक न्याय और समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए किया गया था, लेकिन आज भी इसका पूरा लाभ जरूरतमंद वर्ग तक नहीं पहुंच पा रहा है, जिस पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है। डॉ. आंबेडकर की शिक्षाओं का अनुसरण कर ही एक सशक्त, समतामूलक और न्यायपूर्ण समाज का निर्माण संभव है।

इस अवसर पर शंभू नाथ, विनय शील बौद्ध, एडवोकेट संजीव कुमार मौर्य, राहुल गौतम, अंकित मौर्य, सर्वजीत मौर्य, शिव कुमार मौर्य (जिला उपाध्यक्ष), डॉ. अंकित कुमार सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ किया गया।