बहराइच:विद्यालय मर्जर नीति के खिलाफ प्रगतिशील विश्व मौर्य परिषद का विरोध प्रदर्शन, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन।

(द दस्तक 24 न्यूज़) , 09 जुलाई 2025 उत्तर प्रदेश प्रदेश में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों को पेयरिंग/मर्जर के नाम पर बंद किए जाने के निर्णय के विरोध में प्रगतिशील विश्व मौर्य परिषद की बहराइच जिला इकाई ने मोर्चा खोल दिया है।

परिषद के जिला अध्यक्ष दिलीप कुमार मौर्य के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन बहराइच के अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से परिषद ने मांग की कि सरकार विद्यालयों को पेयरिंग या मर्जर के नाम पर बंद न करे, क्योंकि इसका सीधा असर गरीब, वंचित और ग्रामीण बच्चों की शिक्षा पर पड़ेगा।

इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष आशीष कुमार मौर्य ने कहा कि,

“राज्य सरकार द्वारा संचालित ऐसे विद्यालयों में अधिकतर बच्चे किसान, मजदूर, शोषित, पिछड़े व आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों से आते हैं। सरकार स्वयं इन्हीं बच्चों के सुपोषण के लिए मिड-डे मील योजना चला रही है, लेकिन स्कूल बंद करने से न केवल शिक्षा बाधित होगी बल्कि बच्चों का पोषण भी प्रभावित होगा।”

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि,

 “जब एक शिक्षक को पांच कक्षाओं के बच्चों को एकसाथ पढ़ाना होगा, तो शिक्षा की गुणवत्ता और बच्चों की प्रगति पर गंभीर प्रश्नचिन्ह लग जाएगा। यह निर्णय बच्चों के भविष्य के साथ अन्याय है।” प्रदर्शन में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य संतोष कुमार मौर्य, जिला सचिव संजय कुमार मौर्य, जिला सोशल मीडिया प्रभारी सर्वेश मौर्य, सोनू मौर्य, उमेश मौर्य, दीपक मौर्य सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रगतिशील विश्व मौर्य परिषद ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने विद्यालयों के मर्जर की प्रक्रिया पर पुनर्विचार नहीं किया, तो राज्यव्यापी आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।