बहराइच:श्रावण मास के पहले सोमवार पर एसपी ने किया जंगलीनाथ व मंगलीनाथ मंदिर का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था हुई चाक-चौबंद।

बहराइच:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 जुलाई 2025 पावन श्रावण मास के प्रथम सोमवार के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के मद्देनज़र पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा जिले के प्रमुख शिव मंदिरों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। इस दौरान एसपी महोदय ने थाना मटेरा क्षेत्र स्थित जंगलीनाथ मंदिर तथा थाना नवाबगंज क्षेत्र स्थित मंगलीनाथ मंदिर का दौरा कर वहां की तैयारियों का गहन निरीक्षण किया।

मंदिर परिसरों में भ्रमण के दौरान एसपी ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक व्यवस्था, CCTV निगरानी, महिला सुरक्षा व अन्य बिंदुओं पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंदिर के भीतर और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसरों में महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, वहीं संवेदनशील स्थानों पर बलों को अलर्ट मोड में रहने को कहा गया। एसपी महोदय ने पुजारियों, पूजा समिति सदस्यों और दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं से भी संवाद कर उन्हें सुरक्षा व्यवस्था के प्रति आश्वस्त किया और शांतिपूर्ण, सुरक्षित ढंग से जलाभिषेक करने की अपील की।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री दुर्गा प्रसाद तिवारी, क्षेत्राधिकारी नानपारा श्री प्रद्युम्न सिंह, थाना प्रभारी नानपारा, थाना प्रभारी मटेरा सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। श्रावण मास की आस्था के साथ प्रशासन ने सजगता और सुरक्षा का जो संतुलन बनाया है, वह श्रद्धालुओं के लिए एक आश्वस्तिपूर्ण वातावरण तैयार करता है।