बहराइच: एसडीएम को गिरफ्तार कर बर्खास्त करने की उठी मांग

बहराइच : साथी कर्मचारी की पिटाई से मौत के बाद उत्तर प्रदेशीय मिनिस्ट्रीयल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ मृतक के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए एकजुट हो गया है। कर्मचारी की हत्या के मामले में कर्मचारियों ने एसडीएम, सीएमओ व मामले में दोषी अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद गिरफ्तारी न होने से रोष जताया है। कर्मचारियों ने सोमवार को जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है।

कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ बहराइच के जिलाध्यक्ष संजय सिंह तथा जिलामंत्री विज्येन्द्र देव सिंह ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को दिया। ज्ञापन में कहा है कि स्व.सुनील कुमार शर्मा, वरिष्ठ सहायक तहसील लालगंज जनपद प्रतापगढ़ को ज्ञानेन्द्र विक्रम सिंह यादव उपजिलाधिकारी लालगंज द्वारा पीट-पीट कर अधमरा किया गया।

उसके बाद दिनांक दो अप्रैल की शाम को जिला चिकित्सालय में जाकर छाती व गला दबाकर हत्या कर दी। इस प्रकरण में जिला चिकित्सालय के सभी डॉक्टर एवं मुख्य चिकित्साधिकारी भी पूर्ण रूप से इस कुकृत के सहभागी है। प्रकरण के सम्बन्ध में थाना लालगंज प्रतापगढ में ज्ञानेन्द्र विक्रम सिंह यादव व अन्य तीन व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। लेकिन अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुयी है। जिससे पूरे प्रदेश के कर्मचारियों में अत्यन्त असंन्तोष व्याप्त है।ज्ञापन में कहा गया कि पूरे प्रदेश का कर्मचारी इस विभत्स घटना से भयभीत है तथा अपने को असुरक्षित महसूस कर रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी न होने से यह स्पष्ट होता है कि सरकार में गुण्डाराज कायम है। किसी भी अधिकारी को अपने कर्मचारी से मारपीट एवं हिसंक वारदात करने का अधिकार नहीं है। यह कृत शासन व प्रशासन की छवि खराब कर रहा है।

आरोपी उपजिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र विक्रम सिंह यादव की तत्काल गिरफ्तारी कर उन्हें सेवा से बर्खास्त करने की मांग की गयी है। इसके साथ ही मृतक के आश्रितों को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने, आश्रितों को तत्काल सेवायोजित करने की मांग की। जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि प्रान्तीय संघ के आह्वान पर सोमवार को कलेक्ट्रेट मुख्यालय पर तालाबन्दी कर के गेट मीटिंग की गयी तथा शोक सभा करके निर्णय लिया गया कि यदि एक सप्ताह के अन्दर आरोपी की गिरफ्तारी एवं उपरोक्त तीनों मांगे पूरी न होने पर प्रार्थी कार्यकारिणी के निर्देशानुसार अग्रिम आन्दोलन किया जायेगा।

सवांददाता: अनिल मौर्य