बदायूं: वरिष्ठ पत्रकार संतोष शाक्य ने डिप्टी सीएम के समक्ष रखी शिकायत, निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन

बदायूं:(द दस्तक 24 न्यूज) 10 दिसंबर 2025 भाजपा बृज क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य के निमंत्रण पर आयोजित एक समारोह में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की उपस्थिति में वरिष्ठ पत्रकार संतोष शाक्य ने अपने साथ हुई गंभीर घटना को लेकर विस्तृत शिकायत दर्ज कराई। इस दौरान संतोष शाक्य ने पांच पृष्ठ का लिखित शिकायत पत्र सौंपते हुए सनराइज अस्पताल के मैनेजर एवं भीम आर्मी के उपाध्यक्ष सुहेल खान द्वारा किए गए कथित हमले, पुलिस एवं चिकित्सा विभाग के रवैए, तथा आरोपी के आपराधिक कृत्यों की जानकारी दी।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि सुहेल खान को राजनीतिक संरक्षण और माफिया तत्वों के कथित गठजोड़ का समर्थन प्राप्त है, जिसके चलते मामले में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई में बाधा आ रही है। संतोष शाक्य ने पूरे घटनाक्रम को तथ्यों के साथ रखते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि घटना में शामिल सभी दोषियों और उन्हें संरक्षण देने वाले तत्वों को चिह्नित कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि योगी सरकार माफिया, अपराधी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।

इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने भी पत्रकारों की सुरक्षा को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि स्वतंत्र पत्रकारिता पर हमला किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए जाएंगे कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो।

डिप्टी सीएम ने यह भी कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा के लिए विशेष कदम उठाए जाएंगे और प्रदेश में कानून का राज स्थापित रखने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।