बदायूं :(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 जून 2025 जनपद बदायूं की विधानसभा शेखूपुर क्षेत्र के ग्राम कटरा खगेई में आज महान दल द्वारा आयोजित ग्राम स्तरीय बैठक को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। महान दल पदाधिकारियों का आरोप है कि एक स्थानीय भाजपा नेता के दबाव में थानाध्यक्ष मूसाझाग श्री बहादुर सिंह द्वारा इस शांतिपूर्ण कार्यक्रम को अवैध रूप से रुकवाने का प्रयास किया गया।
महान दल नेताओं का कहना है कि ग्रामसभा के किसी भी व्यक्ति द्वारा न तो कोई लिखित और न ही मौखिक शिकायत की गई थी, इसके बावजूद पुलिस ने कार्यक्रम को जबरन रोकने का प्रयास किया। कार्यक्रम रुकवाने में विफल रहने पर, रात लगभग 12 बजे पुलिसकर्मियों को भेजकर कार्यक्रम आयोजकों के घरों में घुसकर महिलाओं से अभद्रता की गई और कई कार्यकर्ताओं को जबरन थाने उठा ले जाया गया।
महान दल समर्थकों ने इस घटना को लोकतंत्र पर सीधा हमला बताया है और इसे बेहद निंदनीय करार दिया है। पार्टी के नेताओं ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री माननीय योगी आदित्यनाथ जी से इस पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि दोषी थानाध्यक्ष के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में किसी भी राजनीतिक दल के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन न हो। इस घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है और महान दल द्वारा जल्द ही जिला स्तर पर विरोध प्रदर्शन की चेतावनी भी दी गई है। अब देखना होगा कि शासन-प्रशासन इस मामले में क्या रुख अपनाता है।
