आजमगढ़:गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे का लोकार्पण: पूर्वांचल के विकास की नई राह

(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 जून 2025 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद आजमगढ़ में बहुप्रतीक्षित गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया। इस एक्सप्रेसवे की लंबाई 91.352 किलोमीटर है और इसे ₹7,283 करोड़ की लागत से तैयार किया गया है। इसका निर्माण पूर्वांचल में बुनियादी ढांचे को सशक्त करने और तीव्र विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा कि “आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आज देश के सबसे बड़े एक्सप्रेसवे नेटवर्क के साथ विकास, विश्वास और वैभव की नई उड़ान भर रहा है।” उन्होंने गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे को पूर्वी उत्तर प्रदेश की औद्योगिक प्रगति, पर्यटन विस्तार और निवेश को प्रोत्साहित करने वाला एक प्रमुख मार्ग बताया।

प्रमुख विशेषताएं:

लंबाई: 91.352 किलोमीटर

लागत: ₹7,283 करोड़

जिले: गोरखपुर, संत कबीर नगर, अम्बेडकरनगर और आजमगढ़ को सीधी कनेक्टिविटी गोरखपुर से लखनऊ दूरी: अब केवल 3 घंटे में तय होगी (283 KM)

यह एक्सप्रेसवे न केवल लोगों को बेहतर और तेज़ यातायात सुविधा देगा, बल्कि क्षेत्रीय विकास, औद्योगिक निवेश और रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा। पूर्वांचल में इस प्रकार के आधारभूत संरचना परियोजनाएं विकास की नई कहानी लिख रही हैं। इस लोकार्पण के साथ उत्तर प्रदेश की यह उपलब्धि न केवल राज्य की तेज़ प्रगति का संकेत है, बल्कि यह दर्शाती है कि पूर्वांचल अब राष्ट्रीय विकास की मुख्यधारा में मजबूती से जुड़ चुका है।