टी-20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 5 विकेट से हराया

ऑस्ट्रेलिया ने टी-20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में भारत को 5 विकेट से हराया। मंगलवार को भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 222 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 20 ओवर में ही 223 रन का टारगेट चेज कर लिया।
गुवाहाटी के बारसापारा स्टेडियम में ऋतुराज गायकवाड और ग्लेन मैक्सवेल की रिकॉर्ड ब्रेकिंग पारियां देखने को मिलीं। मैक्सवेल ने बॉलिंग में भी रिकॉर्ड बनाया।

  1. मैक्सवेल एक ओवर में सबसे ज्यादा रन देने वाले ऑस्ट्रेलियन
    ग्लेन मैक्सवेल एक ओवर में सबसे ज्यादा रन देने वाले ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज बने। मैक्सवेल ने भारतीय पारी के आखिरी ओवर में 30 रन दिए। ऋतुराज गायकवाड ने तिलक वर्मा के साथ मैक्सवेल के ओवर में 3 छक्के और 1 चौका जमाया।
    इससे पहले यह रिकॉर्ड तेज गेंदबाज ब्रेट ली के नाम था, जिन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2009 टी-20 वर्ल्ड कप में एक ओवर में 27 रन दिए थे। ऑस्ट्रेलिया ये मुकाबला हार गया था।
  2. गायकवाड ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 में सबसे बड़ा इंडिविजुअल स्कोर बनाने वाले बैटर
    भारतीय ओपनर ऋतुराज गायकवाड ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर बनाया। यह रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम था। कोहली ने 2016 में एडिलेड के मैदान पर 55 बॉल में 90 रन की नाबाद पारी खेली थी। टॉप स्कोर के मामले में टॉप-3 स्कोर कोहली के ही नाम थे।
    सभी टीमों के खिलाफ टॉप स्कोर के मामले शुभमन गिल टॉप पर है। उन्होंने 2023 में ही अहमदाबाद के मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ 126 रन की पारी खेली थी। ऋतुराज इस मामलें में 123* रन के साथ दूसरे स्थान पर है।
  3. हार्डी भारत के खिलाफ सबसे महंगे गेंदबाज
    अपना चौथा टी-20 खेल रहे 24 साल के एरन हार्डी भारत के खिलाफ एक स्पैल में सबसे ज्यादा रन लुटाने वाले खिलाड़ी बन गए है। भारत के खिलाफ तीसरे टी-20 मुकाबले में हार्डी ने 4 ओवर में 64 रन लुटाए।
  4. गायकवाड टी-20 में शतक जमाने वाले 9वें भारतीय बैटर
    ऋतुराज गायकवाड टी-20 में शतक लगाने वाले 9वें भारतीय बल्लेबाज बन गए है। गायकवाड से पहले रोहित शर्मा 4, सुर्यकुमार 3 और के एल राहुल 2 शतक लगा चुके हैं।
  5. भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने मैक्सवेल
    ग्लेन मैक्सवेल शतक लगाने के साथ ही भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज भी बन गए है। मैक्सवेल ने 21 मैचों में कुल 554 रन बनाए है। इसमें 2 शतक और 2 अर्धशतक शामिल हैं
  6. टी-20 शतकों के मामले में मैक्सवेल ने रोहित की बराबरी की
    अपना चौथा टी-20 इंटरनेशनल शतक लगाने के साथ ही ग्लेन मैक्सवेल ने रोहित शर्मा की बराबरी कर ली है। इससे पहले सिर्फ रोहित के ही नाम इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा (4) शतक थे। इनके अलावा पाकिस्तान के बाबर आजम, चेक रिपब्लिक के सबावून डेविसी, न्यूजीलैंड के कॉलिन मुनरो और भारत के सुर्यकुमार यादव के नाम 3-3 शतक हैं।