औरैया:पूर्वा लक्षीराम बना रहा है बेटियों का भविष्य सुनहरा, समृद्धि गांव के रूप में उठाया बड़ा कदम

औरैया:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 जुलाई 2025 तहसील बिधूना के ग्राम पंचायत पुरवा लक्षीराम में मंगलवार को एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीणों को केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना की विस्तृत जानकारी साझा की गई।

कार्यक्रम का नेतृत्व वित्तीय सलाहकार व सेंटर मैनेजर अजय कुमार द्वारा किया गया। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि पुरवा लक्षीराम को “समृद्धि गांव” के रूप में विकसित किया जा रहा है, और इस पहल के अंतर्गत गांव की 0 से 10 वर्ष की सभी बालिकाओं के सुकन्या समृद्धि योजना के अंतर्गत खाते खोले जा रहे हैं। इसका उद्देश्य बेटियों के उज्ज्वल भविष्य को सुरक्षित करना और समाज में आर्थिक सशक्तिकरण की भावना को बढ़ावा देना है।

इस अवसर पर समूह सखी- देव कुमारी, आजीविका सखी- सुनीता देवी, और बैंक सखी- शिक्षा कुमारी की सक्रिय सहभागिता रही, जिन्होंने ग्रामीण महिलाओं को योजनाओं के लाभ, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी।

सुकन्या समृद्धि योजना एक दीर्घकालिक बचत योजना है, जो खासकर बालिकाओं की शिक्षा और विवाह के लिए आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है। वहीं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और जीवन ज्योति बीमा योजना आम नागरिकों को बेहद कम प्रीमियम में जीवन बीमा का कवच देती हैं।

इस पहल से ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ी है और बड़ी संख्या में अभिभावकों ने अपनी बेटियों के नाम पर खाते खुलवाने में रुचि दिखाई है। ग्रामवासियों ने इस प्रयास की सराहना की और केंद्र सरकार की योजनाओं को अपनाकर अपने भविष्य को सुरक्षित बनाने का संकल्प लिया।

पूर्वा लक्षीराम की यह पहल न सिर्फ़ बालिकाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक मिसाल बनेगी, बल्कि पूरे जनपद के लिए प्रेरणा भी साबित होगी।