कौन है अखिलेश-वखिलेश बोलना MP में कांग्रेस के लिए बड़ी मुसीबत साबित हुआ

राजनीति में कहावत है कि किसी भी नेता को लेकर दिया गया बयान या तो बहुत फायदेमंद होता है, या बहुत ही नुकसानदायक। ऐसे ही मध्यप्रदेश (MP) के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का सपा प्रमुख अखिलेश यादव को लेकर कौन है अखिलेश-वखिलेश बोलना MP में कांग्रेस के लिए बड़ी मुसीबत साबित हुआ। इस बयान के बाद अखिलेश ने MP में चुनावी अभियान तेज करते हुए सपा के उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया था। सपा के ऐलान के बाद उत्तर प्रदेश (UP) बॉर्डर से सटे 74 विधानसभा सीटों पर इसका असर कहीं ज्यादा तो कहीं नाम मात्र ही जरूर रहा।
फिलहाल बसपा सुप्रीमो मायावती ने 10 दिसंबर को लखनऊ में राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी की बैठक लोकसभा चुनाव को लेकर बुलाई है। वहीं अखिलेश यादव ने भी अपने राष्ट्रीय पदाधिकारी की एक बैठक करने का फैसला किया है। यह बैठक 8 दिसंबर को संभावित है, जो लखनऊ सपा कार्यालय में ही होगी। अखिलेश राष्ट्रीय पदाधिकारी की बैठक करेंगे और आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर MP के चुनावी रिजल्ट के बाद क्या नया बदलाव किया जा सकता है, इस पर मंथन करेंगे।
फिलहाल UP में अखिलेश यादव 60 से ज्यादा सीटों पर सपा के सिंबल पर चुनाव लड़ने का मन बना चुके हैं। अखिलेश यादव MP समेत चार राज्यों के चुनाव परिणाम के बाद पहला राजनैतिक दौरा बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने EVM पर विचार करने की बात भी कही।
MP की निवाड़ी विधानसभा में भाजपा ने कांग्रेस को 17,157 मतों से हरा दिया। यहां पर सपा को 32,670 वोट मिले हैं। चांदला विधानसभा में भाजपा ने कांग्रेस को 15,491 मतों से हराया है। यहां भी सपा को 24,977 वोट मिले हैं। इसी प्रकार राजनगर विधानसभा में भाजपा ने कांग्रेस को 5,867 वोटों से हराया, यहां भी साइकिल को 6,353 वोट मिले हैं।
सपा को MP और राजस्थान के चुनाव में एक भी सीट नहीं मिली। अब आगे बात करते हैं कि MP में उसे नोटा से भी कम वोट मिले हैं। इस बार उसे सिर्फ 0.46% वोट मिले हैं। जबकि नोटा को सपा के दोगुने यानी 0.98% वोट मिले हैं।
सपा ने इस बार MP में कुल 69 सीटों पर चुनाव लड़ा। एक भी सीट पर जीत नहीं मिली। इनमें से 43 सीट ऐसी हैं, जिन पर सपा को एक हजार से भी कम वोट मिले हैं। इनमें से किसी भी सीट पर सपा का प्रत्याशी दूसरे नंबर पर नहीं रहा। इससे पहले 1998 में सपा को MP में चार सीटों पर जीत मिली थी। उसका वोट प्रतिशत भी 1.58% रहा था। वहीं 2007 में सपा को कुल 3.7% वोट मिला। 2013 के विधानसभा चुनाव में सपा को कोई सीट तो नहीं मिली, लेकिन उसका वोट शेयर 1.2% रहा था।
अखिलेश ने MP में पांच दिनों में 13 रैलियां की, लेकिन एक भी सीट नहीं मिली। सिर्फ 0.46% वोट ही मिल सके। राजस्थान की यादव बेल्ट में सपा ने 5 उम्मीदवार उतारे थे। राजगढ-लक्ष्मणगढ़, थानागाजी, धौलपुर, नदबई, अलवर सीट थी। सपा एक भी सीट नहीं जीत सकी और वोट 0.01% मिला। सपा ने राजस्थान में तो नहीं, लेकिन MP में चार सीटों पर कांग्रेस को चोट दी है।