अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री खांडू ने कहा- असम में फिर बनेगी भाजपा की सरकार

असम में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने कहा कि वहां भाजपा एक बार फिर सरकार बनाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर पूर्वांचल में भाजपा की स्थिति मजबूत है और असम में पिछले पांच वर्ष में तेजगति से विकास कार्य हुए हैं। यह मंतव्य व्यक्तिगत दौरे पर यहां पहुंचे पेमा खांडू ने बुधवार को संवाददाताओं से बातचीत करते हुए व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि 16 मार्च को केंद्र द्वारा अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में पावर ट्रांसमिशन के लिए करीब नौ हजार करोड़ रुपये अनुमोदित किए गए है। सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में जल विद्युत परियोजना के तहत काफी विकास कार्य हुए हैं। हम सिक्किम के साथ मिलकर जल विद्युत के क्षेत्र में काम करना चाहते हैं। इस संबंध में सिक्किम के मुख्यमंत्री से पहले ही बात हुई है। उन्होंने सिक्किम आने के संबंध में बताया कि वह यहां अपने व्यक्तिगत कार्य से आए हैं।

उन्होंने कहा कि अरुणाचल प्रदेश सरकार और सिक्किम सरकार के बीच पर्यटन एवं जैविक खेती के संबंध में उन्होंने सिक्किम के मुख्यमंत्री पीएस गोले से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में पर्यटन और जैविक कृषि को लेकर प्रचुर संभावनाएं हंै। इसे सफल बनाने के लिए सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश मिलकर काम करेंगे।