रामानंद सागर के धारावाहिक रामायण में राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल ने खरीदी चमचमाती ब्लैक मर्सिडीज

रामानंद सागर के धारावाहिक रामायण में राम का किरदार निभाकर दर्शकों के बीच लोकप्रिय हुए कलाकार अरुण गोविल को आज भी फैंस और दर्शक उसी नजर से देखते हैं, जिसका अंदाजा उनके सोशल मीडिया एकाउंट पर फैंस के कमेंट्स से हो जाता है। हाल ही में अरुण गोविल ने मर्सिडीज कार खरीदी है, जिसका एडिटेड वीडियो उन्होंने अपने इंस्टाग्राम एकाउंट पर शेयर किया है। इस वीडियो पर बधाई देने के साथ फैंस ने कई मजेदार कमेंट्स भी किये हैं।
अरुण पत्नी लेखा गोविल के साथ कार से कवर हटाकर इसे रिवील करते नजर आते हैं। इसके बाद उन्हें कार की चाबी दी जाती है। अरुण के स्वागत के लिए शोरूम में खास तौर पर उनके रामायण वाले लुक की तस्वीर भी लगायी गयी है। अरुण गोविल ने वीडियो के साथ जानकारी देते हुए लिखा- प्रभु कृपा से परिवार में नए वाहन का आगमन हुआ है। आप सब की शुभकामनाएं अपेक्षित हैं।
अरुण गोविल की इस पोस्ट पर कई यूजर्स ने उन्हें नई कार खरीदने के लिए बधाई दी है। कुछ फैंस ने जय श्री राम के जयकारे भी लगाये हैं। वहीं, कुछ ने फनी कमेंट्स के साथ बधाई दी है। एक फैन ने लिखा- हे प्रभु। हे दशरथनंदन आपको बहुत-बहुत बधाई। एक अन्य यूजर ने लिखा- यह तो कलयुग का पुष्पक है आपका प्रभु। एक और यूजर ने कार को आधुनिक रथ की संज्ञा दी है।
अरुण गोविल ने कार की जानकारी तो साझा नहीं की है, मगर बताया जाता है कि यह मर्सिडीज बेंज सीएलए है, जिसकी कीमत 40 लाख रुपये के आस-पास है। बता दें, अरुण गोविल काफी वक्त से बतौर मोटिवेशनल स्पीकर काम कर रहे हैं। अभिनय में उनकी सक्रियता काफी कम हो गयी है। कुछ दिनों पहले उन्होंने जानकारी दी थी कि वो एक फिल्म में काम कर रहे हैं।

अस्सी के मध्य में प्रसारित हुए रामानंद सागर की रामायण को बेहद सफलता मिली थी। यह धारावाहिक इतना लोकप्रिय हुआ था कि इसके कलाकारों को लोगों ने पूजना शुरू कर दिया था। 2020 में पहले लॉकडाउन के दौरान जब रामायण का दोबारा प्रसारण हुआ था तो इसे काफी सफलता मिली थी और एक बार राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल, लक्ष्मण सुनील लहरी और सीता दीपिका चिखलिया चर्चा में आ गये थे।