अमित शाह ने दिल्ली पुलिस से रिपोर्ट मांगी, कार से लड़की को 12KM तक घसीटा,

दिल्ली के कंझावला इलाके में 31 दिसंबर को कार सवार 5 युवकों ने 20 साल की एक युवती को टक्कर मार दी। हादसे के बाद युवक कार लेकर भागने लगे। लड़की कार के नीचे फंसी रही और करीब 12 किलोमीटर तक सड़क पर घिसटती रही। पुलिस के मुताबिक, उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पांचों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
सोमवार को आरोपियों को रोहिणी कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने पांचों आरोपियों मनोज मित्तल, दीपक खन्ना, अमित खन्ना, कृष्ण और मिथुन को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, एक्सीडेंट के दौरान दीपक खन्ना कार को ड्राइव कर रहा था। इनमें मनोज मित्तल भाजपा का नेता बताया जा रहा है। इन सभी के ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं, जिससे पता चल सके कि उन्होंने नशा किया था या नहीं।
इधर, सोमवार शाम गृह मंत्री अमित शाह ने मामले को लेकर दिल्ली पुलिस से फौरन रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। मामले की जांच दिल्ली पुलिस की महिला अफसर शालिनी सिंह कर रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, गृह मंत्रालय ने शालिनी सिंह से जल्द रिपोर्ट देने को कहा है।
इधर, आम आदमी पार्टी की विधायक और दिल्ली की डिप्टी स्पीकर राखी बिड़लान ने दैनिक भास्कर से एक्सक्लूसिव बातचीत में दावा किया कि आरोपी भाजपा से जुड़े हैं, इसलिए पुलिस उन्हें बचा रही है। पुलिस BJP के दबाव में काम कर रही है। शाम को युवती की डेड बॉडी मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज लाई गई। यहां तीन डॉक्टरों के पैनल ने करीब डेढ़ घंटे पोस्टमॉर्टम किया।

  1. आरोपी दीपक खन्ना और अमित खन्ना ने 31 दिसंबर को शाम करीब 7 बजे अपने एक दोस्त से कार मांगी। 1 जनवरी यानी घटना के ठीक बाद सुबह 5 बजे उन्होंने कार उसके घर पर पार्क कर दी।2. दीपक खन्ना और अमित खन्ना ने अपने दोस्त को बताया कि उन्होंने कार से एक स्कूटी सवार लड़की को टक्कर मार दी है। वे नशे में थे और डरकर हादसे वाली जगह से फौरन भाग गए।
  2. दीपक खन्ना कार चला रहा था, और उसकी बगल वाली सीट पर आरोपी मनोज मित्तल बैठा हुआ था। मित्तल को भाजपा नेता बताया जा रहा है। मिथुन और अमित कार की पिछली सीट पर थे।
  3. FIR में इस बात का उल्लेख है कि दुर्घटनास्थल से भागकर उन्होंने कंझावला रोड पर जौंटी गांव के पास कार रोकी, जहां उन्हें कार के नीचे पीड़ित महिला का शव फंसा मिला।
    दिल्ली पुलिस के स्पेशल CP डॉ. सागर पी हुड्डा ने बताया कि मेडिकल बोर्ड का गठन कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस की कई टीमों को भी जांच में लगाया गया है। कोर्ट ने आरोपियों को तीन दिन की पुलिस रिमांड की मंजूरी दे दी है। आगे अब पुलिस क्राइम सीन रिक्रिएट करेगी। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं।
    सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल एविडेंस के आधार पर टाइमलाइन बनाई जाएगी। इसके लिए आरोपियों को क्राइम स्पॉट पर लाया जाएगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ और धाराएं जोड़ी जाएंगीं। शाम को युवती की डेड बॉडी मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां करीब डेढ़ घंटे उसका पोस्टमॉर्टम हुआ।
    मामले में दिल्ली पुलिस की थ्योरी भी सवालों के घेरे में आ गई है। पुलिस का कहना है कि ये जानलेवा एक्सीडेंट है, लेकिन परिवार वाले इसे मर्डर कह रहे हैं। पीड़ित की मां का कहना है कि वह बहुत सारे कपड़े पहने थी, लेकिन जब उसकी बॉडी मिली तो वह पूरी तरह नेकेड थी। एक भी कपड़ा नहीं था। ये कैसा एक्सीडेंट है?
    इधर, दिल्ली पुलिस की PRO सुमन अल्वा ने बताया कि कुछ चैनल इस केस में रेप और मर्डर की धाराओं को FIR में शामिल होने की खबर चला रहे हैं। यह गलत है। पीड़ित परिवार की भी मांग है कि इन धाराओं को भी जांच में शामिल किया जाए। अभी मेडिकल बोर्ड बॉडी की अटॉप्सी करेगी। रिपोर्ट आने के बाद ही इन मांगों पर कार्रवाई की जाएगी।
    जो CCTV फुटेज सामने आए हैं। उनमें कार के नीचे युवती को घिसटते देखा जा सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 12 किमी तक युवती कार में फंसी रही। घसीटे जाने की वजह से युवती की पीठ और सिर की हड्डियां बुरी तरह से घिस गईं। मांस निकल गया। दोनों पैरों की हड्डियां भी टूट गईं, जिससे उसकी बेहद दर्दनाक मौत हो गई। मोड़ आने की वजह से लड़की की बॉडी कार से अलग हुई। उसके सारे कपड़े फट गए थे। जब उसकी लाश मिली तो उसके शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं बचा था।
    LG वीके सक्सेना के ऑफिस पर आप कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। आप ने LG, पुलिस कमिश्नर और सुल्तानपुर के SHO को बर्खास्त करने की मांग की।
    LG ऑफिस के बाहर प्रदर्शन कर रहे आप कार्यकर्ताओं को खदेड़ने के लिए पुलिस को वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा।
    सुल्तानपुरी थाने के सामने परिवार वालों ने प्रदर्शन किया। पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
    पोस्टमॉर्टम करने के लिए तीन सदस्यीय बोर्ड बना। दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना ने पुलिस कमिश्नर से स्टेटस रिपोर्ट मांगी।
    आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज। आरोपियों का मेडिकल टेस्ट होगा ताकि पता चले कि वह नशे में थे या नहीं।
    CM अरविंद केजरीवाल ने कहा कि लड़की के गुनहगारों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। हमारी बहन के साथ जो हुआ, बहुत शर्मनाक है।
    मृतक लड़की 20 साल की थी और अमन विहार में रहती थी। परिवार में मां, दो भाई और चार बहने हैं। वह अकेली कमाने वाली थी और एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी में काम करती थी। न्यू ईयर पर एक इवेंट में काम के लिए घर से निकली थी। ऐसा बताया गया कि शनिवार-रविवार की रात वह एक फंक्शन से लौट रही थी। वह स्कूटी से अपने घर जा रही थी। उसी दौरान आरोपी पांचों युवक भी अपनी कार बलेनो से उसी रास्ते पर थे।परिवार ने कहा- यह रेप के बाद मर्डर का मामला है। उसके कपड़े ऐसे ही नहीं फट सकते है। जब वह मिली, उसके शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था। हम चाहते हैं कि इस मामले की पूरी जांच हो। मृतक लड़की के मामा प्रेम सिंह ने कहा कि यह केस निर्भया जैसा है। हम न्याय चाहते हैं। इस मामले में निष्पक्ष जांच हो।
    युवती की मां ने कहा- मेरी बेटी मेरे लिए सब कुछ थी। वह कल पंजाबी बाग में काम करने गई थी। वह शाम करीब साढ़े पांच बजे घर से निकली और कहा कि वह रात 10 बजे तक लौट आएगी। मुझे सुबह उसकी दुर्घटना के बारे में बताया गया, लेकिन अब तक मैंने उसका शव नहीं देखा।
    DCP हरेन्द्र सिंह ने बताया कि कंझावला इलाका रोहिणी जिले का है। वहां एक कॉल आई थी, जिसमें बताया गया था कि एक कार से एक आदमी लटका हुआ है और खिंचा जा रहा है। इस पर वहां की पुलिस ने वैरिफाई किया तो कार का नंबर मिल गया। इसके बाद कार सवारों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में पता चला कि सुल्तानपुर इलाके में एक स्कूटी से एक्सीडेंट हुआ था। इसमें युवती कार के साथ खिंचती चली गई। ये पूरा मामला एक्सीडेंट का है। हादसे से लड़की की बॉडी क्षतविक्षत हो गई। लहूलुहान हो गई। मीडिया में ये खबर फैलाई गई कि यह सेक्शुअल असॉल्ट और मर्डर है। यह बिल्कुल गलत है।
    एक चश्मदीद दीपक ने दावा किया कि पीसीआर वैन को हादसे के बारे में बताने पर भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। दीपक नाम के इस व्यक्ति ने इंडिया टुडे को बताया कि वह सुबह सवा तीन बजे दूध की डिलीवरी का इंतजार कर रहा था, तभी उसने कार को युवती को घसीटते हुए देखा। दीपक बेगमपुर तक बलेनो कार के पीछे गया। इस बीच दीपक ने पुलिस को फोन किया, लेकिन सुबह 5 बजे तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। PCR वैन की पुलिस होश में नहीं थी, इसलिए उन्होंने एक्शन लेने में इंटरेस्ट नहीं लिया।
    इस घटना पर दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने ट्वीट किया- इस अपराध पर मेरा सिर शर्म से झुक गया है और मैं अपराधियों की राक्षसी संवेदनहीनता से स्तब्ध हूं। सभी आरोपियों को पकड़ लिया गया है। पीड़ित के परिवार को हर संभव मदद की जाएगी। मैं पुलिस आयुक्त दिल्ली के साथ इस मामले की निगरानी कर रहा हूं।
    इस मामले पर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाती मालीवाल ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा- दिल्ली के कंझावला में एक लड़की की नग्न अवस्था में लाश मिली, बताया जा रहा है कि कुछ लड़कों ने नशे की हालत में गाड़ी से उसकी स्कूटी को टक्कर मारी और उसे कई किलोमीटर तक घसीटा। ये मामला बेहद भयानक है, मैं दिल्ली पुलिस को हाजिरी समन जारी कर रही हूं। पूरा सच सामने आना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने न्यू ईयर को लेकर दिल्ली पुलिस की तैयारियों पर भी सवाल उठाए।