पूरी फिल्मी है अखिलेश डिंपल की प्रेम कहानी

अखिलेश और डिंपल की प्रेम कहानी में लव, इमोशनल ड्रामा, बगावत और रूठना-मनाना सब कुछ मिलता है। अब दोनों खुशहाल हैं। एक बेहतर कपल की तरह। डिंपल यादव तो अखिलेश के हर कदम में साथ खड़ी दिखती हैं। हर निर्णय के साथ। मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद मैनपुरी लोकसभा उप चुनाव हुआ तो परिवार को एकजुट रखने के लिए अखिलेश यादव ने डिंपल को एक बार फिर राजनीतिक मैदान में उतारने का फैसला लिया। डिंपल ने उनके फैसले का सम्मान किया। मैनपुरी से चुनावी मैदान में उतरी और रिकॉर्ड जीत दर्ज करने में कामयाब रहीं। अखिलेश यादव और डिंपल यादव की प्रेम कहानी को लेकर लोग आज भी खूब चर्चा करते हैं। आइए, उनकी प्रेम कहानी के बारे में जानते हैं।

मुलायम सिंह यादव के बड़े बेटे और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को उत्तराखंड के लेफ्टिनेंट कर्नल एससी रावत की बेटी डिंपल पहली ही नजर में पसंद आ गई। अखिलेश ने राजस्थान के मिलिट्री स्कूल धौलपुर से प्राथमिक शिक्षा हासिल की। मैसूर के एसजे कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से ग्रेजुएशन किया। ऑस्ट्रेलिया के सिडनी विश्वविद्यालय से उन्होंने पीजी की डिग्री हासिल की। दरअसल, अखिलेश और डिंपल की पहली मुलाकात दोस्त के जरिए हुई थी। एक दोस्त के घर पर दोनों मिले। उस समय डिंपल की उम्र 17 साल थी और अखिलेश 21 साल के थे। अखिलेश उस समय मैसूर में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे। यहीं से पहचान प्रेम में बदल गया।

अखिलेश यादव और डिंपल अपने प्रेम को सार्वजनिक करने से डर रहे थे। पत्रकार सुनीता एरन की किताब ‘अखिलेश यादव: बदलाव की लहर’ किताब में उनकी प्रेम कहानी के बारे में कई अहम जानकारियां दी गई हैं। किताब में लिखा गया है कि अखिलेश और डिंपल घर से दोस्त से मिलने का बहाना बनाकर निकलते थे। छुप-छुपकर मुलाकात होती थी। इसने दोनों के प्रेम को काफी बढ़ाया। अखिलेश की इंजीनियरिंग पूरी हुई। ऑस्ट्रेलिया पीजी करने जाना था। डिंपल ने अखिलेश के फैसले का साथ दिया।

अखिलेश यादव और डिंपल का प्रेम दूरी के बाद भी बरकरार रहा। अखिलेश यादव सिडनी में थे। डिंपल यहां। लेकिन, प्रेम पक्का था। अखिलेश यादव डिंपल को गुलाबी खतों में प्रेम का पैगाम भेजते थे। चार सालों तक यह सिलसिला चला। अखिलेश के इजहार-ए-इश्क के इस तरीके ने डिंपल के दिल में उनकी अलग ही जगह बना दी। अखिलेश ने पढ़ाई पूरी की। वापस लौटे। मन में डिंपल को दुलहनिया बनाने का पक्का इरादा था।

अखिलेश और डिंपल का रिश्ता घरवालों को पसंद ही नहीं था। मुलायम सिंह यादव इस रिश्ते को मानने को तैयार नहीं थे। कुछ यही हाल डिंपल के परिवार था। दोनों के घरवालों ने शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद अखिलेश यादव ने अपनी दादी को पहले मनाया। दादी राजी हुईं तो उन्होंने मुलायम पर दबाव बनाया। फिर मुलायम मान गए। कहा यह भी जाता है कि मुलायम को मनाने में तब उनके सबसे करीबी दोस्त अमर सिंह ने भी बड़ी भूमिका निभाई थी। अखिलेश का परिवार माना तो डिंपल के परिजनों को मनाने में अधिक मुश्किल नहीं आई। अखिलेश और डिंपल की जिद के आगे दोनों परिवारों ने रिश्ते को हामी भर दी। परिवारों की रजामंदी से 24 नवंबर 1999 को अखिलेश और डिंपल वैवाहिक बंधन में बंध गए।