एयर इंडिया की विशेष फ्लाइट यूक्रेन से दिल्ली लौटी , करीब 242 यात्रियों की हुई है वापसी

यूक्रेन पर हमले की गहराती आशंका के बीच भारत ने यूक्रेन और आसपास के क्षेत्रों में रह रहे भारतीय नागरिकों को वहां से निकालने के लिए मंगलवार को अभियान शुरू कर दिया। मंगलवार को सुबह यूक्रेन से एयर इंडिया की एक फ्लाइट भारत के लिए रवाना हुई थी, जिसमें 242 यात्री सवार थे। यह फ्लाइट कल रात 11.30 बजे नई दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड हुई। पहले इसे रात को 10.15 तक यहां पहुंचना था, लेकिन कुछ कारणों से इसमें देरी हो गई थी।
रूस और यूक्रेन के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए भारत ने अपने नागरिकों को वापस लाने के लिए अतिरिक्त उड़ानें संचालित करने का फैसला किया है। यूक्रेन में भारतीय दूतावास के अनुसार, भारत कीव से दिल्ली के लिए 25 फरवरी, 27 फरवरी (दो उड़ानें) और छह मार्च को अतिरिक्त उड़ानें संचालित करेगा।
यूक्रेन-रूस के बीच युद्ध की आशंका के चलते भारतीय छात्रों को यूक्रेन में दूतावास ने पहले ही स्वदेश लौटने की एडवाइजरी जारी कर दी थी, लेकिन फ्लाइट बंद होने के चलते भारतीय छात्रों के स्वजन बेहद परेशान थे। भारत ने एक बार फिर से भारतीय नागरिकों और छात्रों से तुरंत यूक्रेन छोड़ने की अपील की है। कीव स्थित भारतीय दूतावास ने कहा कि भारतीय छात्र यूनिवर्सिटी द्वारा आनलाइन कक्षाओं की आधिकारिक पुष्टि के बजाय वापस देश लौट आएं

वहीं, संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थाई प्रतिनिधि टीएस तिरुमूर्ति ने कहा है कि रूस के साथ यूक्रेन की सीमा पर बढ़ता तनाव गहरी चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन में 20 हजार से ज्यादा भारतीय छात्र और नागरिक विभिन्न हिस्सों में रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीयों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है।