अधिवक्ताओं ने अवैध निर्माण की शिकायत पर की व्यापारी की पिटाई, पढ़िए रिपोर्ट

अवैध अतिक्रमण की शिकायत करने पर अधिवक्ताओं ने लखनऊ में मंगलवार को भूतनाथ आदर्श व्यापार मंडल के अध्यक्ष कमल अग्रवाल की पिटाई कर दी। पिटाई होता देख व्यापारी एकत्रित हो गए और बीच-बचाव किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं अध्यक्ष की पिटाई से नाराज लखनऊ व्यापार मंडल और उ.प्र. आदर्श व्यापार मंडल एक हो गए। दोनों संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि 24 घंटे में कार्रवाई नहीं हुई तो गुरुवार को भूतनाथ मार्केट बंद करने का ऐलान किया है।
भूतनाथ आदर्श व्यापार मंडल के अध्यक्ष कमल अग्रवाल ने बताया कि दोपहर में बाजार की समस्याओं को जानने के लिए जिम्मेदार विभाग के अधिकारी पहुंचे थे। उनको अवैध अतिक्रमण की शिकायत करने के बाद 4 बजे के करीब दुकान पर जा रहा था। तभी अतुल मिश्रा जो खुद को बार काउंसिल का पूर्व अध्यक्ष बताते हुए पिटाई शुरु कर दी और अन्य साथियों को भी बुला लिया। उन्हीं में एक जयराज जैन ने अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी देदी।
वहीं अधिवक्ता की तरफ से चैंबर पर काम करने वाली महिला ने आरोप लगाया कि भाई सुनील कुमार अतुल मिश्रा के यहां मुंशी का काम करते थे। उनकी मौत के बाद चैंबर पर साफ-सफाई और देखरेख का काम करने लगी। पीड़िता के मुताबिक मंगलवार शाम को कमल अग्रवाल, अजय सक्सेना, राजेश सक्सेना व अन्य साथियों के साथ आए और चैंबर के बारे में जानकारी करने लगे। अभद्रता करते हुए कब्जा करने की बात कहने लगे और वहां से जाने के लिए कहा। धमकी देते हुए कहा कि वही हाल करेंगे जो निर्भया का हुआ है।
डीसीपी उत्तरी एसएम कासिम आब्दी के मुताबिक दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच करने के बाद जो तत्थ सामने आएंगे। उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
भूतनाथ आदर्श व्यापार मंडल के अध्यक्ष कमल अग्रवाल की पिटाई से पूरी मार्केट के दुकानदारों में आक्रोश का माहौल है। ऐसे में कमल अग्रवाल ने सभी को साथ आने के लिए कहा। इस पर लखनऊ भूतनाथ व्यापार मंडल के अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता ने भी समर्थन जताया, जिसके बाद उ.प्र. आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता, कोषाध्यक्ष मो. अफजल, ट्रांसगोमती अध्यक्ष अनिरुद्ध निगम लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्रा, वरिष्ठ महामंत्री पवन मनोचा, महामंत्री सुहैल हैदर अल्वी ने व्यापारियों के साथ मिलकर बैठक की।
इसके बाद दोनों भूतनाथ के दोनों पदाधिकारियों ने एकजुट होकर कहा कि 24 घंटे में अधिवक्ता का लाइसेंस रद्द हो, दर्ज मुकदमा वापस हो और पिटाई करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी की मांग है। अगर यह नहीं हुआ तो बृहस्पतिवार को भूतनाथ मार्केट बंद करने का ऐलान किया गया है।