सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की अध्यक्षता में अधिवक्ता महासभा की बैठक आयोजित हुई

रविवार को समाजवादी पार्टी कार्यालय पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की अध्यक्षता में अधिवक्ता महासभा की बैठक आयोजित हुई। इसमें एक हजार से ज्यादा वकील शामिल हुए। इस दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने यूपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। अखिलेश ने कहा कि एक आज इस लड़ाई में एक पक्ष बुलडोजर लेकर चल रहा है, जबकि हम लोग बाबा अंबेडकर का संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर बात पर झूठ बोलती है। यहां तक कि सरकार शहीदों की संख्या भी छिपाती है। ये तानाशाही सरकार एक दिन सैन्य अधिकारियों के कोर्ट मार्शल भी शुरू कर सकती है। इसलिए हम लोग संविधान बचाने के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अधिवक्ता महासम्मेलन में कहा कि मेरे कपड़े भी अधिवक्ता भाइयों से मेल खाते हैं। इस बार परिवर्तन होना तय है। 2024 में परिवर्तन जरूरी है। अगर इस बार परिवर्तन नहीं हुआ तो हमें वोट डालने का अधिकार भी नहीं मिलेगा। जो एजेंडा यहां पर रखा गया है वह एजेंडा महत्वपूर्ण है।
अखिलेश यादव ने मीडिया पर हमला बोलते हुए कहा कि मीडिया बंधु भी सरकार की कमियों को नहीं दिखाते हैं। देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों की संख्या को भी सरकार छिपाती है। सरकार के मंत्री शहीदों के घर तक जाना मुनासिब नहीं समझते हैं। जिस तरह से इस सरकार ने तानाशाही रुख अख्तियार किया है, उसे देखते हुए एक दिन ऐसा भी आ सकता है जब अपने मन मुताबिक सैन्य अधिकारियों के कोर्ट मार्श भी शुरू कर देंगे।
अखिलेश यादव ने कहा कि अगर देश में नौकरी आसानी से मिल रही है तो लोग रोजगार के लिए देश छोड़कर क्यों जा रहे हैं? एक-एक व्यक्ति को 60- 60 लाख रुपए देने पड़ रहे है। आखिर केंद्र सरकार को बताना चाहिए कि लोग देश छोड़कर क्यों जा रहे हैं।
उन्होंने बताया मौजूदा समय में मुनाफाखोरी का खेल इतना बढ़ा है कि, यूरिया की बोरी में 5 किलो और कम कर दिया गया है। पहले भी 5 किलो कम किया गया था। इस तरह 10 किलो यूरिया भी कम हो गया और रेट भी बढ़ा दिया गया। बीजेपी सरकार में पैकेट से बिस्किट कम हो रहे हैं। बोरी की चोरी मुनाफा का सौदा है, यह बीजेपी ने सीखा दिया है।
अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि कानपुर में मां- बेटी को बुलडोजर चलाकर जिंदा जलाया गया। डिप्टी सीएम ने न्याय दिलाने का भरोसा जताया था लेकिन आज तक कुछ नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि यूपी में 80 लोकसभा सीट हैं। दिल्ली का रास्ता यूपी से होकर गुजरता है। हम सब को सोच समझ कर वोट देना चाहिए। बीएचयू में छात्रा से गैंगरेप करने वाले आरोपियों की फोटो सीएम के साथ हैं। इसलिए चुनाव में सोच समझकर वोट दें।
अधिवक्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि मैं आप सभी लोगों से अपील करने के साथ सहयोग मांग रहा हूं। 2024 लोकसभा चुनाव में अपना एजेंडा घर-घर तक पहुंचाएं। सरकार के कारनामों को सामान्य लोगों तक पहुंचाएं। जिससे कि 2014 में सत्ता में आए इन लोगों को 2024 में बाहर किया जा सके। आप सभी लोगों को सपा सरकार में किए गए कामों को जन-जन तक पहुंचाना होगा।