अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा की मैनेजर मालविका पंजाबी, धोमिल ठक्कर और एडगर्ल सकारिया को फरार घोषित किया है

मुरादाबाद सेशन कोर्ट ने फिल्म अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा की मैनेजर मालविका पंजाबी, धोमिल ठक्कर और एडगर्ल सकारिया को फरार घोषित किया है। तीनों के खिलाफ पहले से ही गैरजमानती वारंट जारी है। इसके बावजूद कोर्ट में पेश नहीं होने पर कोर्ट ने इन्हें फरार घोषित कर दिया है।
मामले में सोनाक्षी सिन्हा भी आरोपी हैं। लेकिन उन्हें हाईकोर्ट से स्टे मिला होने की वजह से उनके खिलाफ फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं हुई है। एडवोकेट पीके गोस्वामी ने बताया कि प्रमोद शर्मा ने सोनाक्षी सिन्हा का एक प्रोग्राम मुरादाबाद में कराने के लिए सोनाक्षी सिन्हा की मैनेजर मालविका पंजाबी से संपर्क किया था।
पूरी बातचीत मालविका पंजाबी, धूमिल ठक्कर, अभिषेक सिन्हा और एडगर्ल सकारिया के जरिए हुई थी। कार्यक्रम की पूरी फीस भी प्रमोद शर्मा ने चुका दी थी। इसके बावजूद सोनाक्षी सिन्हा प्रोग्राम में नहीं आईं। इस मामले में 22 फरवरी 2019 को प्रमोद शर्मा ने कटघर थाने में सोनाक्षी सिन्हा, मालविका पंजाबी, धूमिल ठक्कर, एडगर्ल सकारिया और अभिषेक सिन्हा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।
इस एफआईआर के खिलाफ आरोपी हाईकोर्ट चले गए थे। हाईकोर्ट से सभी को उस वक्त राहत मिल गई थी। बाद में पुलिस ने विवेचना पूरी करके सभी आरोपियों के खिलाफ 20 मई 2020 को कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल कर दिया था। इसके खिलाफ सोनाक्षी सिन्हा फिर से हाईकोर्ट गई थीं। उन्हें इसमें रिलीफ मिल गया था। लेकिन बाकी आरोपियों को कोई राहत नहीं मिली थी। प्रमोद शर्मा के एडवोकेट पीके गोस्वामी ने मीडिया को बताया कि मामले में मालविका पंजाबी, धूमिल ठक्कर और एडगर्ल सकारिया के खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी थी।
लेकिन इसके बाद भी आरोपी कोर्ट में पेश नहीं हुए। एडवोकेट पीके गोस्वामी ने बताया कि कोर्ट ने मालविका पंजाबी, धूमिल ठक्कर और एडगर्ल सकारिया के खिलाफ सीआरपीसी 82 के तहत कार्रवाई करते हुए इन सभी को फरार घोषित किया है। यदि अभी भी आरोपी कोर्ट में हाजिर नहीं हुए तो कोर्ट सीआरपीसी 83 के तहत इनकी कुर्की का आदेश भी दे सकता है।