एक्ट्रेस नयनतारा धर्म बदलकर ईसाई से बनीं हिंदू, कभी SRK की फिल्म में ठुकरा दिया था आइटम नंबर

नयनतारा आज अपना 39वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रही हैं। तमिल सिनेमा की लेडी सुपरस्टार कही जाने वाली नयनतारा के लिए ये साल खास इसलिए है क्योंकि 2023 में उन्होंने शाहरुख खान की फिल्म ‘जवान’ से धमाकेदार बॉलीवुड डेब्यू किया है।
इस फिल्म ने बॉक्सऑफिस पर तकरीबन 1100 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था। 20 साल के सक्सेसफुल फिल्मी करियर में नयनतारा ने 90 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है जिनमें तमिल के अलावा तेलुगु और मलयालम फिल्में भी शामिल हैं।
वो साउथ की हाईएस्ट पेड एक्ट्रेस भी हैं और 2018 में उन्हें फोर्ब्स इंडिया ने टॉप सेलिब्रिटी 100 की लिस्ट में जगह दी थी। नयनतारा अपना धर्म बदलने की वजह से भी चर्चा में रही हैं। साथ ही एक्टर-डांसर प्रभु देवा के साथ अफेयर, फिल्ममेकर विग्नेश सिवन से शादी के चार महीने बाद सरोगेसी से जुड़वा बच्चों की मां बनने को लेकर कुछ विवाद भी हुए
नयनतारा का जन्म 18 नवंबर, 1984 को बेंगलुरु, कर्नाटक में हुआ था। उनका असली नाम डायना मरियम कुरियन है। उनके पिता कुरियन कोडियट्टू इंडियन एयरफोर्स में थे। इसी वजह से नयनतारा की पढ़ाई देश के कई शहरों में हुई क्योंकि पिता का ट्रांसफर होता रहता था। उन्होंने जामनगर, दिल्ली, तिरुवल्ला, थिरुमलापुरम में पढ़ाई की है। तिरुवल्ला से ही नयनतारा ने इंग्लिश लिट्रेचर में B.A. किया था।
कॉलेज में पढ़ाई के दौरान नयनतारा पार्ट टाइम मॉडलिंग करती थीं। इसी दौरान उन्हें डायरेक्टर सत्यन अन्थिक्कड़ ने कई मॉडलिंग असाइनमेंट्स देखकर नोटिस किया और फिल्म ‘मन्नासिन्नाकरे’ का ऑफर दिया।
नयनतारा ने शुरुआत में ये ऑफर ठुकरा दिया क्योंकि उनकी रूचि फिल्मों में नहीं थी लेकिन बाद में उन्होंने ये ऑफर सिर्फ इस शर्त पर स्वीकार कर लिया कि वो केवल एक फिल्म में काम करेंगी। इसके बाद नयनतारा ने 2003 में फिल्म मन्नासिन्नाकरे के जरिए डेब्यू किया।
ये फिल्म हिट रही और नयनतारा को कुछ और फिल्मों के ऑफर मिलने लगे। उन्होंने ये ऑफर स्वीकार कर लिए और इस तरह उन्होंने कई फिल्मों में काम किया। नयनतारा ‘वेलइक्करन’, ‘इमइक्का नोडिगल’, ‘कोलाइथुर कालम’, ‘जय सिम्हा’, ‘कोको’ जैसी फिल्मों में नजर आई हैं।
नयनतारा मूल रूप से ईसाई थीं लेकिन 7 अगस्त 2011 को उन्होंने चेन्नई के आर्य समाज मंदिर में हिंदू धर्म अपना लिया था। नयनतारा के इस फैसले से उनका परिवार बिलकुल खुश नहीं था। उनके पेरेंट्स बिलकुल नहीं चाहते थे कि वो ईसाई से हिंदू बनें। एक इंटरव्यू में नयनतारा ने इस बारे में कहा था-हां मैंने हिंदू धर्म अपना लिया है, ये बेहद पर्सनल चॉइस है, मुझे इस बारे में और कुछ नहीं कहना है।
वैसे तो शाहरुख खान के साथ काम करने के लिए एक्ट्रेसेस में होड़ रहती है। लेकिन नयनतारा ने शाहरुख की 2013 में आई फिल्म ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ में आइटम सॉन्ग ‘वन टू थ्री फॉर’ करने से मना कर दिया था। मीडिया में नयनतारा के बारे में यहां तक लिखा गया था कि शाहरुख के साथ काम करने से इनकार करने वाली शायद वे पहली एक्ट्रेस हैं।
शाहरुख की फिल्म में काम न करने के पीछे वजह ये बताई गई कि नयनतारा उस समय किसी फीमेल सेंट्रिक फिल्म में लीड रोल करना चाहती थीं ना कि कोई आइटम नंबर। इसी वजह से उन्होंने शाहरुख के साथ काम करने से मना कर दिया था।
दूसरी वजह ये भी सामने आई थी कि नयनतारा ने ये फिल्म इसलिए छोड़ी थी क्योंकि इसके कोरियोग्राफर प्रभुदेवा थे जो कि उनके एक्स-ब्वॉयफ्रेंड हैं।
चेन्नई एक्सप्रेस की रिलीज के 10 साल बाद नयनतारा फिल्म जवान में शाहरुख की हीरोइन बनी नजर आईं। इसके लिए उन्हें 11 करोड़ रुपए की फीस दी गई थी।
नयनतारा एक्टर-डायरेक्टरऔर कोरियोग्राफर प्रभुदेवा के साथ रिलेशनशिप में रहीं। दोनों शादी भी करना चाहते थे लेकिन प्रभु देवा पहले से ही शादीशुदा थे, इस वजह से ऐसा हो नहीं पाया। नयनतारा, प्रभुदेवा 2009 से लिव-इन में रहने लगे थे।
अपना घर टूटते देख प्रभु की पत्नी लता ने 2010 में फैमिली कोर्ट में पिटीशन लगाई की प्रभुदेवा नयनतारा के साथ लिव-इन में रह रहे हैं। लता ने धमकी भी दी थी अगर नयनतारा ने उनके पति से शादी की तो वे भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगी। कई महिला संगठनों ने भी नयनतारा का खूब विरोध किया। आखिरकार उन्होंने 2012 में प्रभु से अपना रिश्ता तोड़ लिया।
प्रभु देवा से ब्रेकअप के बाद नयनतारा का नाम साउथ फिल्ममेकर विग्नेश सिवन से जुड़ने लगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों की पहली मुलाकात फिल्म नानुम राउडी धन के नरेशन के दौरान हुई थी। 2015 में फिल्म की शूटिंग के दौरान ये दोनों प्यार में हो गया।
इसी फिल्म की प्रेस मीट में एक्टर मंसूर अली खान ने खुलासा किया कि विग्नेश और नयनतारा फिल्म के सेट्स पर घंटों बातें करते रहते थे। तब विग्नेश ने इन बातों को केवल हंसकर टाल दिया था लेकिन 2017 में दोनों ने सिंगापुर में हुए एक अवॉर्ड फंक्शन में बतौर कपल शिरकत की थी।
जब विग्नेश को नानुम राउडी धन के लिए बेस्ट डायरेक्टर का अवॉर्ड मिला था तो उन्होंने अपनी लेडीलव नयनतारा को थैंक यू कहा था। साथ ही उन्होंने नयनतारा की तारीफ करते हुए उन्हें बेहतरीन इंसान बताया था। इसी तरह जब इस अवॉर्ड फंक्शन में नयनतारा ने बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड जीता तो उन्होंने विग्नेश को थैंक यू कहा था।
इसके बाद 2021 में नयनतारा और विग्नेश की एंगेजमेंट की खबरों ने तब जोर पकड़ा जब एक्ट्रेस को रिंग पहने देखा गया। बाद में नयनतारा ने इस बात को भी कंफर्म कर दिया कि उन्होंने हाथ में एंगेजमेंट रिंग ही पहनी हुई है। दोनों ने 2016 में कोर्ट मैरिज कर ली थी लेकिन इसकी जानकारी किसी को नहीं थी। जून 2022 में शादी ऑफिशियल करते हुए धूमधाम से सारे रीति-रिवाज निभाए।
10 जून 2022 में नयनतारा और विग्नेश ने महाबलीपुरम में एक रिसॉर्ट में शादी की। शादी में नयनतारा ने करीब 25 लाख रुपए की साड़ी पहनी थी। उनकी साड़ी पर मंदिर की कढ़ाई उकेरी गई थी। साड़ी के ब्लाउज पर देवी लक्ष्मी और साड़ी के बाकी हिस्से पर नयनतारा और उनके पति का नाम उकेरा गया था।
नयनतारा ने शादी में 3.5 करोड़ रुपए की गोल्ड ज्वेलरी पहनी थी। इसके साथ ही विग्नेश ने उन्हें 5 करोड़ की डायमंड रिंग भी गिफ्ट की थी।
नयनतारा और विग्नेश ने भी अपनी शादी की स्ट्रीमिंग राइट्स को एक ओटीटी प्लेटफॉर्म को बेचा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये राइट्स 25 करोड़ में बेचे गए थे। कपल ने अपनी शादी पर एक पैसा भी खर्च नहीं किया, क्योंकि नेटफ्लिक्स ने अपनी जरूरतों के हिसाब से सारा अरेंजमेंट किया था।
इस खर्चे में फाइव स्टार होटल की बुकिंग और कांच का एक महल बनवाने से लेकर खाने तक का अरेंजमेंट शामिल था। यहां तक कि मेकअप आर्टिस्ट और सिक्योरिटी गार्ड्स भी वेडिंग इवेंट के लिए मुंबई से बुलाए गए थे।
नयनतारा और विग्नेश ने शादी के 4 महीने बाद अक्टूबर 2022 में ही अपने फैंस को गुड न्यूज सुना दी थी। विग्नेश शिवन ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट के जरिए अपने पेरेंट्स बनने की जानकारी दी थी। विग्नेश ने सोशल मीडिया पर 9 अक्टूबर को पोस्ट शेयर कर बताया था कि नयनतारा और वो जुड़वा बच्चों के पेरेंट्स बने हैं
इतना ही नहीं, विग्नेश ने इंस्टाग्राम पर बच्चों के पैरों की तस्वीर भी शेयर की थीं। फोटो के साथ विग्नेश ने कैप्शन में लिखा था- ‘नयनतारा और मैं अम्मा और अप्पा बन गए हैं। हम ब्लेस्ड हैं कि हमें जुड़वा बच्चे हुए हैं। हमारी सभी प्रार्थनाएं, हमारे पूर्वजों का आशीर्वाद हमारे बच्चे के रूप में सामने आया है। हमें आप सभी का आशीर्वाद चाहिए। हमारे उइरो और उलगाम के लिए। दोनों के आने हमारी जिंदगी और भी खूबसूरत हो गई है।’’
इस पोस्ट के बाद दोनों विवादों में फंस गए थे। दरअसल, दोनों ही बच्चे सरोगेसी से जन्मे थे। शादी के तुरंत बाद दोनों ने सरोगेसी कैसे अपना ली, इसी पर बात विवाद हो गया था हालांकि बाद में जांच के बाद मामला शांत हो गया था।
जांच के बाद तमिलनाडु सरकार ने माना था कि नयनतारा और विग्नेश ने सरोगेसी का कोई भी नियम नहीं तोड़ा है और उन्हें क्लीन चिट भी दे दी थी। सरकार द्वारा बैठाए गए जांच पैनल ने अपनी रिपोर्ट पेश की थी। इसमें नयनतारा और विग्नेश को निर्दोष बताया गया है। जांच के दौरान पता चला है कि कपल ने साल 2016 में ही कोर्ट मैरिज कर ली थी। इतना ही नहीं कपल ने सरोगेसी नियम में बदलाव के पहले अपना सरोगेसी प्रोसेस शुरू कराया था।
नयनतारा अपनी लग्जरी लाइफ के लिए फेमस हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वो 300 करोड़ की संपत्ति की मालकिन हैं। उनके पास देशभर में चार आलीशान घर हैं। फिलहाल वे पति विग्नेश सिवन के साथ चेन्नई में 4 BHK फ्लैट में रहती हैं जिसकी कीमत 100 करोड़ रूपए है।
इसमें सिनेमा हॉल, 24/7 फंक्शनल जिम और स्विमिंग पूल जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। ये घर चेन्नई के सबसे पॉश इलाके पॉइस गार्डन में स्थित है जहां रजनीकांत और जयललिता के भी घर हैं। इसके अलावा नयनतारा के पास हैदराबाद के बंजारा हिल्स में 30 करोड़ के दो अपार्टमेंट हैं। वहीं, मुंबई में उन्होंने इसी साल एक सी-फेसिंग अपार्टमेंट खरीदा है।नयनतारा साउथ की हाईएस्ट पेड एक्ट्रेसेस में से एक हैं। वह एक फिल्म के लिए 5-11 करोड़ रुपए की फीस चार्ज करती हैं। न्यूज 24 के अनुसार, नयनतारा टाटा स्काई, के ब्यूटी, तनिष्क सहित कई ब्रांड्स की ब्रांड एम्बेस्डर हैं। वे एक ब्रांड को प्रमोट करने के लिए 4-7 करोड़ रुपए फीस लेती हैं।
2021 में नयनतारा ने पति और फिल्म डायरेक्टर विग्नेश सिवन के साथ मिलकर राउडी पिक्चर्स नाम से एक प्रोडक्शन हाउस शुरू किया। उन्होंने रॉकी, शुभ यात्रा, कनेक्ट जैसी कई हिट फिल्में प्रोड्यूस की हैं। फिलहाल इस प्रोडक्शन हाउस की नेटवर्थ 50 करोड़ है।नयनतारा अपनी पहली हिंदी फिल्म ‘जवान’ में काम करके खुश नहीं हैं क्योंकि उनका स्क्रीन टाइम शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण से कम था। इसी वजह से उन्होंने फिलहाल किसी हिंदी फिल्म में काम करने से मना कर दिया है। नयनतारा की अपकमिंग तीनों फिल्में तमिल हैं जिनके नाम अन्नापूर्णी, टेस्ट और मननांगट्टी सिंस 1960 हैं।