एक्टर की वापसी और उनकी फ्लॉप फ़िल्में, पूरी खबर पढ़िए

बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान ने फिल्म पठान से धमाकेदार वापसी की है। शाहरुख की बतौर हीरो 4 साल से कोई फिल्म नहीं आई थी। इनकी आखिरी फिल्म 2018 की जीरो थी जो बुरी तरह फ्लॉप हुई थी। जीरो के फ्लॉप होने के बाद शाहरुख ने ब्रह्मास्त्र, रॉकेट्रीः द नाम्बी इफेक्टस जैसी फिल्में जरूर कीं, लेकिन इनमें वो महज चंद मिनटों के कैमियो रोल में थे। अब शाहरुख की कमबैक फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कई बड़े रिकॉर्ड कायम कर रही है। पहले दिन फिल्म ने 110 करोड़ रुपए का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया है। वहीं फिल्म के हिंदी वर्जन ने भारत में 55 करोड़ रुपए की कमाई की है। इसी के साथ ये अब तक की हिंदी की सबसे बड़ा ओपनिंग कलेक्शन करने वाली फिल्म बन चुकी है। ये शाहरुख के करियर की भी सबसे बेहतरीन फिल्म साबित हो रही है। शाहरुख जैसे कई बॉलीवुड एक्टर्स ऐसे हैं जिन्होंने हिट फिल्मों से कमबैक किया, लेकिन कई ऐसे भी हैं जिनकी कमबैक फिल्में भी बुरी तरह फ्लॉप हुई हैं

आमिर खान 2018 की फिल्म ठग्स ऑफ हिंदोस्तान की रिलीज के बाद से ही फिल्मों से दूर थे। वो 2020 में कमबैक करने वाले थे, हालांकि कोविड के चलते उनकी कमबैक फिल्म लाल सिंह चड्ढा लगातार टलती रही। आखिरकार 170 करोड़ में बनी ये फिल्म 2022 में रिलीज हो सकी। फिल्म से उम्मीदें तो थीं, लेकिन अफसोस की फिल्म बजट भी नहीं निकाल सकी। उल्टा इसे 50 करोड़ रुपए का बड़ा नुकसान उठाना पड़ा था। कमबैक फिल्म फ्लॉप होने के बाद आमिर खान ने फिल्मों से ब्रेक अनाउंस कर दिया है।
2006 की फ्लॉप फिल्म मेरे जीवन साथी के बाद से ही करिश्मा कपूर ने फिल्मों से दूरी बना ली थी। शादी के सालों बाद जब करिश्मा ने 2012 की फिल्म डेंजरस इश्क से कमबैक किया तो ये फिल्म बुरी तरह फ्लॉप हो गई। 26 करोड़ के बजट की इस फिल्म ने सिर्फ 8.6 करोड़ कमाए थे। वहीं करिश्मा की एक्टिंग का भी जमकर मजाक उड़ाया गया था। इस सुपरनेचुरल थ्रिलर फिल्म में पुनर्जन्म की कहानी दिखाई गई थी।
माधुरी दीक्षित ने 2002 की फिल्म देवदास के बाद फिल्मों से मेटरनिटी ब्रेक ले लिया था। इसके 5 साल बाद माधुरी ने आजा नचले फिल्म से कमबैक किया था। इस कमबैक का माधुरी के करियर को फायदा नहीं मिल सका। 25 करोड़ के बजट की इस फिल्म ने सिर्फ 14.3 करोड़ कमाए थे। इस फिल्म के फ्लॉप होने के बाद माधुरी ने फिर फिल्मों से ब्रेक ले लिया। बॉम्बे टॉकीज और ये जवानी है दीवानी के गानों में कैमियो करने के बाद माधुरी ने फिर 2014 की फिल्म ढेड़ इश्किया से कमबैक किया। ये फिल्म भी बॉक्स ऑफिस में कोई खास कमाल नहीं दिखा सकी। 37 करोड़ में बनी फिल्म ने सिर्फ 40 करोड़ कमाए।
2013 की होम प्रोडक्शन की फिल्म यमला पगला दीवाना 2 के बाद बॉबी देओल को फिल्में मिलना बंद हो गई थीं। 4 साल बाद उन्हें 2017 की फिल्म पोस्टर बॉय्ज में काम जरूर मिला, लेकिन ये फिल्म फ्लॉप रही। इसके बाद सलमान की मदद से बॉबी देओल को रेस 3 मिली, जिसके बाद से इन्हें लगातार काम मिलने लगा।
2018 की ब्लॉकबस्टर हिट फिल्म संजू के बाद से ही रणबीर कपूर की कोई फिल्म रिलीज नहीं हुई थी। 4 सालों के अंतराल के बाद रणबीर कपूर की फिल्म शमशेरा, 2022 में रिलीज हुई जो बॉक्स ऑफिस पर डिजास्टर साबित हुई। इसे ठीक बाद रणबीर की फिल्म ब्रह्मास्त्र रिलीज हुई जो ब्लॉकबस्टर रही थी।
1991 में कांग्रेस पार्टी से संसद बनने के बाद राजेश खन्ना ने फिल्मों से दूरी बनाई थी। कई फिल्में ऑफर जरूर हुईं, लेकिन उन्होंने सारी रिजेक्ट कर दीं। 4 सालों तक राजनीति में फोकस करने के बाद राजेश खन्ना ने 1994 की फिल्म खुदाई से एक्टिंग कमबैक किया था। फिल्म बुरी तरह फ्लॉप हो गई थी।
साल 1999 में अमिताभ बच्चन की बैक-टु-बैक 4 फिल्में कोहराम, लाल बादशाह, सूर्वंशम, हिंदोस्तान की कसम फ्लॉप हुई थीं। अमिताभ पर फ्लॉप एक्टर का ठप्पा लगा था। इसके बाद अमिताभ ने यश चोपड़ा से एक अच्छी फिल्म के लिए मदद मांगी। यश ने उनसे कहा कि बेटा आदित्य चोपड़ा एक फिल्म बना रहा है जिसमें तुम्हें काम दिया जा सकता है। वो फिल्म मोहब्बतें थी। इस फिल्म में अमिताभ ने लीड नहीं बल्कि कैरेक्टर रोल से अपने करियर की दूसरी पारी शुरू की
साल 2008 सलमान के करियर का सबसे नुकसानदायक रहा। इस साल सलमान की 3 फिल्में हीरो, ओह गॉड तुस्सी ग्रेट हो और युवराज रिलीज हुईं, जो सारी बड़ी फ्लॉप थीं। इसके बाद सलमान ने 2009 की वॉन्टेड से जोरदार वापसी की। ये 2009 की सबसे बड़ी हिट थी, जिसने 93 करोड़ का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया था।
श्रीदेवी ने 2004 की फिल्म मेरी बीवी का जवाब नहीं के बाद से ही फिल्मों से दूरी बना ली थी। इसके बाद श्रीदेवी ने 8 सालों बाद 2012 की फिल्म इंग्लिश विंग्लिश से कमबैक किया था। ये फिल्म जबरदस्त हिट साबित हुई थी। महज 10 करोड़ में बनी फिल्म ने 102 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था। इसके 5 साल बाद श्रीदेवी मॉम में नजर आई थीं और ये भी जबरदस्त हिट रही थी।
2001 की कभी खुशी कभी गम के बाद से ही काजोल ने फिल्मों से ब्रेक ले लिया था। इसके पूरे 5 सालों बाद काजोल ने 2006 की फिल्म फना से वापसी की थी। 30 करोड़ में बनी इस फिल्म से बजट से 73 करोड़ ज्यादा कमाए थे। फिल्म कमर्शियली हिट रही थी, वहीं ये 2006 की 6वीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म भी थी।
2010 की फ्लॉप फिल्म गुजारिश के बाद ऐश्वर्या राय ने फिल्मों से दूरी बना ली थी। 5 सालों के लंबे ब्रेक के बाद ऐश्वर्या ने जज्बा फिल्म से कमबैक किया था। फिल्म हिट रही और ऐश्वर्या राय को दमदार वापसी मिली। इसके बाद ऐश्वर्या को सरबजीत, ऐ दिल है मुश्किल, पोन्नियिन सेल्वन जैसी हिट फिल्मों में देखा गया
विनोद खन्ना ने 1983 की फिल्म दौलत का दुश्मन के बाद फिल्में करना छोड़ दिया था। 4 सालों के गैप के बाद इन्होंने हिंदी सिनेमा में फिल्म इंसाफ से वापसी की थी। ये फिल्म जबरदस्त हिट साबित हुई और इसके बाद विनोद को लगातार सत्यमेव जयते, जमीन जैसी हिट फिल्में मिली। कमबैक के एक साल बाद विनोद की फिल्म दयावान रिलीज हुई थी, जिसमें माधूरी दीक्षित इनकी हीरोइन बनी थीं। ये फिल्म भी बड़ी हिट रही थी।