गाजियाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 दिसम्बर 2025 जनता की सेहत से जुड़े एक बेहद गंभीर मामले का खुलासा करते हुए दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने 14 दिसंबर 2025 को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र स्थित मीरपुर गांव में संचालित एक अवैध नकली दवा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में बड़ी मात्रा में नकली शेड्यूल-एच श्रेणी की मलहम और दवाइयाँ बरामद की गई हैं।
क्राइम ब्रांच की टीम ने छापेमारी के दौरान BETNOVATE-C, CLOP-G, Skinshine जैसी प्रसिद्ध ब्रांडेड मलहमों की नकली खेप के साथ कच्चा माल, पैकिंग मशीनें, रैपर, लेबल और अन्य उपकरण जब्त किए। प्रारंभिक आकलन के अनुसार जब्त माल की बाजार कीमत लगभग 2.3 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने मौके से गौरव भगत और विशाल गुप्ता को गिरफ्तार किया है, जो इस अवैध कारोबार को संचालित कर रहे थे। पूछताछ में सामने आया है कि ये नकली दवाइयाँ सस्ते दामों पर तैयार कर बाजार में सप्लाई की जा रही थीं, जिससे आम लोगों की सेहत को गंभीर खतरा पैदा हो रहा था।
विशेषज्ञों के अनुसार शेड्यूल-एच दवाइयों का इस तरह अवैध निर्माण और बिक्री न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे त्वचा रोगों से लेकर गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। नकली दवाओं के कारण मरीजों की हालत बिगड़ने और सही इलाज न मिलने का खतरा बना रहता है।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जब दवाइयाँ ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिक आखिर किस पर भरोसा करे? नीतियों और योजनाओं से बढ़कर जनता की सेहत की सुरक्षा को प्राथमिकता देना समय की सबसे बड़ी जरूरत है।
प्रशासन और संबंधित विभागों से अपेक्षा की जा रही है कि ऐसे मामलों पर सख्त निगरानी रखी जाए और नकली दवा माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो, ताकि आम जनता की सेहत के साथ होने वाले इस बड़े खिलवाड़ को रोका जा सके।
