कोरोना पाबंदियों के खिलाफ आस्टि्रया में बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरे लोग, दफ्तरों में की जमकर तोड़फोड़

आस्टि्रया, रूस, नीदरलैंड और चेक गणराज्य समेत यूरोप के कई देशों में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने लगे हैं। संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए कई देशों में दोबारा पाबंदियां लगाई जाने लगी हैं। पाबंदियों का विरोध भी शुरू हो गया है। नीदरलैंड्स और आस्टि्रया में बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे और दफ्तर में तोड़फोड़ व आगजनी की। इसमें पुलिसकर्मियों समेत कई लोग घायल हुए हैं।

बढ़ते संक्रमण को देखते हुए नीदरलैंड्स के रोटरडम शहर में पाबंदियां लगाई गई हैं। इसके विरोध में शुक्रवार को बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे और प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कई दफ्तरों में तोड़फोड़ की और पुलिस के वाहन में आग लगा दी। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को फायरिंगग करनी पड़ी। इस ¨हसक प्रदर्शन में पुलिसकर्मियों समेत सात लोग घायल हुए हैं। गोली से घायल दो प्रदर्शनकारियों को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने 51 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें आधे से अधिक नाबालिग हैं। नीदरलैंड्स के कानून मंत्री ने घटना की निंदा करते हुए प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा है। नीदरलैंड्स में इस साल जनवरी में जब कई क्षेत्रों में कफ्र्यू लगाया गया था तब भी लोगों ने भारी विरोध किया था।

आस्टि्रया की राजधानी वियना में लगभग 35,000 लोगों ने सोमवार से लागू हो रही कोरोना पाबंदियों के खिलाफ मार्च निकाला। सरकार ने सोमवार से 10 दिन के लिए लाकडाउन लगाने की घोषणा की है जो 20 दिन तक बढ़ सकता है। सरकार ने टीका लगवा चुके लोगों से पाबंदियों के चलते होने वाली परेशानियों के लिए माफी भी मांगी है। आस्टि्रया सरकार ने अगले साल एक फरवरी से सभी के लिए टीकाकरण को अनिवार्य बना दिया है। शनिवार से ही इसका विरोध शुरू हो गया है। प्रमुख विपक्षी दल ने भी प्रदर्शन का समर्थन किया है। आस्टि्रया के साथ ही स्विट्जरलैंड के, क्रोएशिया और इटली में भी पाबंदियों का विरोध शुरू हो गया है। स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख में शनिवार को करीब दो हजार लोगों ने प्रदर्शन किया।

यूरोप के कई देशों में कोरोना संक्रमण की विस्फोटक स्थिति होती जा रही है। ब्रिटेन में शनिवार को 40,941 नए मामले पाए गए और 150 लोगों की मौत हो गई है। एक दिन पहले 157 लोगों की जान गई थी। इटली में भी 49 लोगों की मौत हुई है और 11,555 नए मामले मिले हैं। चेक गणराज्य के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक इस हफ्ते दूसरी बार शुक्रवार को सर्वाधिक 22,936 नए मामले पाए गए जो इससे पहले मंगलवार को पाए गए रिकार्ड मामलों से 500 अधिक हैं। गुरुवार को महामारी के चलते 110 लोगों की मौत भी हुई। अप्रैल के बाद पहली बार 100 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। रूस में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के चलते रिकार्ड 1,254 लोगों की मौत भी हुई है। इस महामारी के चलते अब तक 2,62,843 लोगों की जान जा चुकी है। इस दौरान 37,120 नए संक्रमित पाए गए हैं।