तापसी पन्नू ने अब तक कई गंभीर किरदार निभाए हैं, लेकिन उनके स्कूल-कॉलेज के दोस्तों को आज भी उन्हें ऐसे रोल में देखना थोड़ा अजीब लगता है। तापसी बताती हैं कि वे लोग उन्हें हमेशा से अलग अंदाज में जानते हैं और चाहते हैं कि वह कॉमेडी भी करें।
तापसी कहती हैं, ‘मुझे लगता है कि कॉमेडी एक ऐसा जॉनर है, जिसे मैंने अभी तक पूरी तरह एक्सप्लोर नहीं किया है। जो लोग मुझे पर्सनली जानते हैं, खासकर स्कूल और कॉलेज के समय से, उन्हें यह विश्वास करना बहुत मुश्किल लगता है कि मैं इतने सीरियस रोल करती हूं, क्योंकि उन्होंने मुझे कभी सीरियस देखा ही नहीं है।’
वह आगे कहती हैं, ‘उनके लिए यह देखना बहुत मुश्किल है कि मैं इतना हैवी लिफ्टिंग और इतना इंटेंस इमोशन करती हूं। उन्होंने मुझे अपनी लाइफ में ऐसा कभी करते नहीं देखा। तो उनके लिए यह बहुत बड़ा शॉक है। जो लोग मुझे पर्सनल लेवल पर जानते हैं, वे चाहते हैं कि मैं कॉमेडी करूं।’
तापसी का मानना है कि महिला के नजरिए से कॉमेडी को अभी उतना एक्सप्लोर नहीं किया गया है। वह कहती हैं, ‘मुझे लगता है कि हमने अभी तक एक महिला के नजरिए से कॉमेडी को उतना एक्सप्लोर नहीं किया है। मुझे नहीं पता क्यों… हालांकि, मैं कॉमेडी का ऑब्जेक्ट नहीं बनना चाहती, मैं कॉमेडी करना चाहती हूं।’
