एशियाई खेलों से पहले अभिषेक शर्मा का धमाका

भारतीय टीम के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने एशियाई खेलों से पहले धमाल मचाया। अभिषेक शेर-ए-पंजाब टी20 लीग के पहले मुकाबले में दमदार प्रदर्शन किया और चौकों-छक्कों की झड़ी लगा दी। अमृतसर सूरमास के लिए खेलते हुए अभिषेक ने मोहाली किंग्स के खिलाफ 26 गेंदों पर छह चौकों और सात छक्कों की मदद से 77 रन बनाए। अभिषेक सितंबर-अक्तूबर में होने वाले एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं।

भारत एशिया कप में अपने स्वर्ण पदक का बचाव करने उतरेगा। ऐसे में अभिषेक का फॉर्म में होना बेहद जरूरी है। इतना ही नहीं, भारत को एशियाड से पहले अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज भी खेलनी है। इसके लिए अभिषेक का टीम में चुना जाना तय है। अभिषेक ने रविवार को मोहाली के पंजाब क्रिकेट संघ आईएस बिंद्रा स्टेडियम में तूफानी बल्लेबाजी की। अभिषेक का स्ट्राइक रेट इस दौरान 296.17 का रहा।

अभिषेक की दमदार पारी से अमृतसर ने 19.5 ओवर में 258 रन बनाए। हालांकि, उनकी टीम को हार का सामना करना पड़ा क्योंकि मोहाली किंग्स ने अनमोलप्रीत सिंह के 133 रन और रमनदीप सिंह के नाबाद 69 रनों की बदौलत 19.3 ओवर में पांच विकेट पर 262 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस मैच की दिलचस्प बात यह रही कि दोनों पारी मिलाकर कुल 520 रन बने।

अमृतसर की ओर से अभिषेक के अलावा उनके ओपनिंग पार्टनर विकेटकीपर बल्लेबाज सहज धवन ने 18 गेंदों पर 45 रन बनाए, जबकि तीसरे स्थान पर खेलते हुए नमन धीर ने 22 गेंदों पर 47 रन बनाए। हालांकि, इन सभी की मेहनत पर पानी फिर गया क्योंकि अमृतसर की टीम स्कोर का बचाव करने में सफल नहीं हो सकी। अभिषेक की टीम अमृतसर का अब मंगलवार को जालंधर वारियर्स से सामना होगा। पंजाब किंग्स के विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह जालंधर के कप्तान हैं।

Leave a Comment