ठण्ड से पारा लुढ़का, लखनऊ में राहत नहीं

उत्तर प्रदेश में फिलहाल भीषण ठंड से राहत मिलने के कोई आसार नहीं है। कड़ाके की ठंड अभी 4 दिन और जारी रहेगी। 24 घंटे में फर्रूखाबाद जिले का फतेहगढ़ सबसे ठंडा रिकॉर्ड किया गया। यहां न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। लखनऊ की बात करें तो बुधवार को दिनभर सर्द हवाएं चलीं। यहां पारा 7 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। वहीं, पीलीभीत के टाइगर रिजर्व में ठंड की वजह से 4 मोर की मौत हो गई। मथुरा में भी न्यूनतम तापमान 4 जबकि अधिकतम 8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

लखनऊ स्थित मौसम केंद्र के वैज्ञानिक मो. दानिश ने बताया कि हवा की ऊपरी सतह में घने कोहरे के कारण सूरज की तपिश जमीन तक नहीं पहुंच पा रही है। नतीजतन धूप नहीं निकलने से दिन का तापमान भी कम रहा है। उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के बाद वहां से आ रही बर्फीली हवाओं ने ठिठुरन भरी सर्दी पैदा कर दी। आने वाले 4 दिनों तक मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है। राहत के आसार नहीं हैं।
लखनऊ में बुधवार दिन भर शीतलहर चली। हालांकि, मंगलवार के मुकाबले ठंड थोड़ी कम थी। मंगलवार के 10 डिग्री के मुकाबले बुधवार को दिन का पारा 12 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। गुरुवार को भी सर्द हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बुधवार दोपहर कुछ देर के लिए धूप जरूर निकली, लेकिन बर्फीली हवाओं से हाड़ कंपा देने वाली गलन पड़ी। अधिकतम तापमान एक दिन पहले की अपेक्षा तीन डिग्री बढ़कर 13.2 पर जरूर पहुंच गया, लेकिन सामान्य तापमान से यह 3.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा। इसी तरह न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री बढ़कर 8.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, आसमान साफ होने की वजह से रात के समय तापमान और गिर सकता है।
मथुरा में तापमान 4 डिग्री, कोहरे की चादर में ढका शहर
मथुरा में गुरुवार को पारा 4 डिग्री तक पहुंच गया। रिकॉर्ड तोड़ ठंड का ये दौर अभी 9 जनवरी तक चलने की आशंका है। कोहरे की वजह से विजिबिलिटी कम रही। जिसकी वजह से वाहन चलाने में लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कत आ रही थी। गुरुवार को अधिकतम तापमान 10 डिग्री तक रहने का अनुमान है। बर्फीली हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं।
गुरुवार को झांसी में न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान भी सामान्य से 7 डिग्री कम यानी 15.1 दर्ज हुआ। पूर्वानुमान है कि अभी 3 दिन ऐसी ही ठंड पड़ने वाली है। गुरुवार को दिन में धूप नहीं निकलेगी। कुछ देर के लिए हल्की धूप निकल सकती है। अनुमान है कि सुबह और शाम कोहरा पड़ता रहेगा।
कानपुर के CSA के मौसम विभाग ने फसलों को पाला से बचाने के लिए एडवाइजरी भी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, 10 जनवरी तक पाला पड़ने की संभावना है। यह स्थिति तब होती है जब आसमान साफ हो जाता और तापमान कम हो जाए। पाला गेहूं, जौ, सरसों, जीरा, धनिया, सौंफ, अफीम, मटर, चना, गन्ना के अलावा टमाटर, मिर्ची, बैंगन को 30 से 60 प्रतिशत तक नुकसान पहुंचा सकता है।

पीलीभीत के टाइगर रिजर्व में पक्षी दम तोड़ रहे
पीलीभीत के PTR में ठंड से राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत का मामला सामने आया है। वन कर्मियों को गश्त के दौरान चार मृत मोरों के शव मिले। इनका पोस्टमॉर्टम कराया गया है। चिकित्सक डॉ. दक्ष गंगवार ने इन मोरों की कम आयु होने के कारण निमोनिया से मौत होने की पुष्टि की है। पोस्टमॉर्टम के बाद इनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।