अल-शबाब के 100 आतंकी ढेर, इस संगठन ने बहुत आतंक मचाया

सोमालिया की सेना ने सेंट्रल शबेले क्षेत्र में एयर स्ट्राइक करके आतंकी संगठन अल-शबाब के 100 आतंकी को मार गिराया। इनमें 12 कमांडर थे। अल-शबाब का मकसद 2017 में बनी सोमालिया सरकार को जड़ से उखाड़ना है। ये संगठन पिछले 4 महीने में 3 बड़े हमलों को अंजाम दे चुका है।

सोमालिया के डिप्टी इंफॉरेमेशन मिनिस्टर अब्दिरहमान यूसुफ अल-अदाला ने कहा- हमारी आर्मी और इंटेलिजेंस डिपार्टमेंट लोगों की सुरक्षा के लिए हर कदम उठा रही है। शबेले क्षेत्र में एक मिलिट्री ऑपरेशन चलाया गया। इसमें अल-शबाब के 12 कमांडर समेंत 100 आतंकी मारे गए हैं।मिनिस्टर अल-अदाला ने कहा- हमें खबर मिली थी कि ये आतंकी सरकारी अधिकारियों और सेना पर बड़ा हमला करने वाले हैं। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई थी। इस हमले को रोकने के लिए हमने एयर स्ट्राइक की। शबेले के पास महास जिले के कमिशनर मुमिन मोहम्मद हलाने ने कहा- मैंने 16 आतंकियों के शव देखे। इनके पास से सेना को कई हथियार बरामद हुए हैं।
अल-शबाब आतंकी संगठन में दुनिया के कुछ सबसे खूंखार और खतरनाक आतंकवादी शामिल हैं, जो आत्मघाती हमलों को अंजाम देने के लिए तैयार रहते हैं।
जुलाई में लोअर शबेले क्षेत्र में अलग-अलग बम हमलों में 19 लोग मारे गए थे। 23 लोग घायल हो गए थे। पहला धमाका मार्का शहर के एडमिनिस्ट्रेटिव हेडक्वार्टर के ठीक बाहर हुआ। मेयर अब्दुल्लाही अली वाफो टारगेट थे। दूसरा धमाका अफगोय शहर के एक स्थानीय बाजार में हुआ था।

आतंकियों ने हयात होटल में घुसकर फायरिंग की थी, जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई और 9 घायल हुए थे। पहले हयात होटल के बाहर खड़ी 2 कारों में ब्लास्ट हुए। इसके बाद आतंकी होटल में घुसे और लोगों के बीच फायरिंग शुरू कर दी थी।
किसमायो शहर में रविवार देर रात आतंकियों ने किसमायो होटल पर हमला कर दिया था। हमले में 9 लोगों की मौत हो गई। 47 लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने बताया था कि पहले एक धमाका हुआ और फिर फायरिंग शुरू हो गई। जिस होटल में धमाका हुआ वो एक स्कूल के पास था। हमले में कुछ स्टूडेंट्स भी मारे गए थे।
मोगादिशू शहर यूनियन ऑफ इस्लामिक कोर्ट्स के कब्जे में था, जो कि शरिया अदालतों का एक संगठन था। इसका मुखिया शरीफ शेख अहमद था। 2006 में इथियोपिया की सेना ने इस संगठन को हरा दिया और अल-शबाब का जन्म हुआ। अल-शबाब यूनियन ऑफ इस्लामिक कोर्ट्स की ही एक कट्टरपंथी शाखा है।