बीजेपी मंत्री भूपेंद्र चौधरी की दिल्ली में जेपी नड्डा से मुलाकात

भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा होने से पहले पार्टी हाईकमान ने योगी सरकार में पंचायतीराज मंत्री भूपेंद्र चौधरी को बुधवार को दिल्ली बुला लिया है। देर शाम भूपेंद्र चौधरी की भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात हुई। इसके बाद भूपेंद्र चौधरी को भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की अटकलें तेज हो गई हैं। प्रदेश अध्यक्ष की रेस में अन्य कई नेता भी हैं लेकिन भूपेंद्र चौधरी को इस रेस में सबसे आगे देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि सपा-रालोद गठबंधन की धार पश्चिम में ही कुंद करने की सोच के तहत जाट चेहरे के रूप में भूपेंद्र चौधरी को कमान दी जा सकती है
पार्टी हाईकमान का संदेश मिलते ही आजमगढ़ का दौरा बीच में छोड़कर भूपेंद्र चौधरी दिल्ली के लिए रवाना हो गए। मंत्री भूपेंद्र चौधरी आजमगढ़ जिले के प्रभारी हैं। आजमगढ़ में एक कार्यक्रम के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व से उन्हें फोन आया। इसके बाद वह कार्यक्रम बीच में छोड़ दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
भूपेंद्र चौधरी भाजपा के पुराने नेताओं में से हैं। पार्टी संगठन का उनके पास लंबा अनुभव है। मूलत: मुरादाबाद के रहने वाले भूपेंद्र चौधरी दो बार भाजपा पश्चिम क्षेत्र के अध्यक्ष रह चुके हैं। संगठन की जिम्मेदारी से हटने के बाद से लगातार दूसरी बार भूपेंद्र चौधरी प्रदेश सरकार में मंत्री हैं।
प्रदेश में जब से नए प्रदेश अध्यक्ष की चर्चाएं शुरू हुई हैं, तमाम नामों के बीच भूपेंद्र चौधरी का नाम भी लगातार चर्चाओं में रहा है। पार्टी यदि उन्हें यह अहम जिम्मेदारी देती है तो पश्चिमी यूपी में जाट मतदाताओं खासकर रालोद के वोट बैंक में भाजपा की पैठ बनेगी। इसे सपा और रालोद के गठजोड़ को कमजोर करने की रणनीति भी माना जा रहा है
विपक्ष द्वारा बार-बार पश्चिम से खड़े किए जा रहे किसान आंदोलन को भी कमजोर करने में मदद मिलेगी। यहां यह भी बता दें कि महज दो दिन पूर्व उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के ट्वीट ‘संगठन सरकार से बड़ा’ के बाद ये अटकलें तेजी से चलीं थी कि केशव मौर्य का प्रदेश अध्यक्ष बनना तय है।
सूत्र बताते हैं कि पार्टी हाईकमान ने अब तक इस मुद्दे पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, एमएलसी विद्यासागर सोनकर, केंद्रीय राज्यमंत्री भानू प्रताप वर्मा और बीएल वर्मा को बुलाकर चर्चा की है।
दूसरी तरफ पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता यह मानकर चल रहे हैं कि गुरुवार को पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा पार्टी हाईकमान द्वारा कर दी जाएगी। गुरुवार को गुरु पुष्य नक्षत्र (योग) का शुभ दिन है। गुरु पुष्य योग को सभी योगों में प्रधान माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि इस शुभ योग में किए जाने वाले कार्य सफल होते हैं। गुरुपुष्य योग धनतेरस और चैत्र प्रतिपदा के समान शुभ माना जाता है। ग्रहों की विपरीत दशा में भी यह योग बेहद शक्तिशाली होता है।