कांग्रेस के शासन में भारत मुस्लिम राष्ट्र था : सुधांशु त्रिवेदी

हिंदुत्व के मुद्दे पर राहुल गांधी समेत कांग्रेस नेताओं के बयान पर हमला जारी रखते हुए भाजपा ने कांग्रेस शासन काल में भारत को आंशिक रूप से मुस्लिम राष्ट्र बनाने का आरोप लगाया। हाल के दिनों में मुस्लिम तुष्टीकरण को लेकर कांग्रेस पर सबसे ब़़डा हमला बोलते हुए भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, ‘कांग्रेस के दौरे हुकुमत में भारत आंशिक रूप से मुस्लिम राष्ट्र था।’
तीन तलाक, मेहरम, हज सब्सिडी और शाहबानों केस में तलाकशुदा महिलाओं को मुआवजा के मुद्दे पर सर्वोच्च न्यायालय के आदेश को संविधान में संशोधन कर बदले जाने का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि ऐसा सिर्फ मुस्लिम देशों में होता था, किसी धर्मनिरपेक्ष देश में नहीं। राहुल के हिंदू धर्म और हिंदुत्व के अंतर के सहारे सलमान खुर्शीद का बचाव करने को हिंदू धर्म का अपमान बताते हुए त्रिवेदी ने कहा कि जिस महाराष्ट्र की धरती पर कांग्रेस नेता ने यह बयान दिया था, वहां शिवाजी महाराज के साम्राज्य को हिदवी साम्राज्य और बाद में हिंदू पद पादशाही कहा गया। वह हिदुत्व से किस तरह से अलग था।
हिंदू धर्म और हिंदू संस्कृति का पर्याय साबित करने के लिए उन्होंने पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की पुस्तक डिस्कवरी आफ इंडिया का उदाहरण दिया। जिसमें नेहरू ने हिंदू शब्द का प्रयोग व्यापक भारतीय संस्कृति के रूप में ही किए जाने की वकालत की थी। भाजपा ने हिंदुओं के खिलाफ विपक्षी नेताओं की बयानबाजी, त्रिपुरा में मस्जिद तोड़े जाने की झूठी खबरें फैलाने और इसके बाद महाराष्ट्र में हुई सांप्रदायिक हिंसा को हिंदू धर्म के खिलाफ चलाए जा रहे बड़े षडयंत्र का हिस्सा बताया।

कांग्रेस के जन जागरण अभियान को भाजपा प्रवक्ता ने हिंदुओं के प्रति अवमानना फैलाने, देश में सांप्रदायिक हिंसा और वैमनस्य फैलाने के लिए कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण करार दिया। त्रिवेदी ने कांग्रेस पर अपने शासन काल में हिदुओं में ग्लानी और अलगाव पैदा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आज वह हिदुओं के प्रति घृणा पैदा करना चाहती है।