इंडियन ओशियन आईलैंड गेम्स की ओपनिंग सेरेमनी देखने आए थे 50 हजार दर्शक, भगदड़ मचने से 12 लोगों की मौत

मेडागास्कर की राजधानी एंटानानारिवो के नेशनल स्टेडियम में शुक्रवार को भगदड़ मचने से 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 80 लोग घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब करीब 50 हजार लोग इंडियन ओशियन आईलैंड गेम्स के उद्घाटन समारोह के लिए स्टेडियम में एंट्री पाने की कोशिश कर रहे थे
मेडागास्कर के प्रधानमंत्री क्रिश्चियन नत्से ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने बताया कि भगदड़ में घायल हुए लोगों में से 11 की हालत नाजुक है। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।
उद्घाटन समारोह में शामिल होने पहुंची मेडागास्कर की राष्ट्रपति एंड्री राजोएलिना ने हादसे पर दुख जाहिर किया। उन्होंने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए स्टेडियम में मौजूद लोगों से हादसे में जान गंवाने वालों के लिए मौन रखने की अपील की। इसके बाद स्टेडियम में होने वाला कार्यक्रम जारी रहा।
हिंद महासागर द्वीप खेल मल्टी डिसिप्लिनरी कंपटीशन है, जो मेडागास्कर में 3 सितंबर तक चलेगी। हिंद महासागर द्वीप खेल साल 1977 में इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी ने बनाए थे। इसमें मॉरीशस, सेशेल्स, कोमोरोस, मेडागास्कर, मैयट, रीयूनियन और मालदीव के एथलीट शामिल हैं।
सेंट्रल अमेरिका के अल सल्वाडोर में एक फुटबॉल मैच के दौरान भगदड़ मच गई। हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक 90 से ज्यादा लोग घायल हैं, इनमें दो की हालत गंभीर है। 500 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। अल सल्वाडोर में लोकल टीम का मैच था। इसी दौरान यह घटना हुई।