मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को जिले के विकास को गति देने बड़ी घोषणा का शिहरवासियों को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए करीब चार किमी लंबे अंधऊ से चौकिया बाईपास के प्रस्ताव को स्वीकृति दी। साथ ही, चीतनाथ घाट और कलेक्टर घाट तक कॉरिडोर निर्माण की भी घोषणा की। इसकी डीपीआर मांगी गई है। इससे जनपद में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। विकास कार्यों की समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि गाजीपुर प्रदेश का अत्यंत महत्वपूर्ण जनपद है। इसका इतिहास रामायण काल और उससे भी प्राचीन रहा है। बीच के कालखंड में इस जनपद को पहचान के संकट से गुजरना पड़ा लेकिन आज पूर्वाचल एक्सप्रेसवे और महर्षि विश्वामित्र मेडिकल कॉलेज यहां की पहचान बन गए। जनपद माफिया मुक्त हो चुका है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को शक्तिनगर और गंगा एक्सप्रेसवे को मिर्जापुर, भदोही, वाराणसी, चंदौली होते हुए गाजीपुर में पूर्वाचल एक्सप्रेसवे में मिलाने का कार्य होने जा रहा है। आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर गाजीपुर जिले को नई पहचान दिलाएगा। जनपद अच्छी दिशा में आगे बढ़ रहा है। सीएम ने कहा कि मेरिट के आधार पर तेजी से राजस्व वादों का निस्तारण किया गया है।
सीएम योगी का गाजीपुर में बड़ा बयान, बोले- माफियामुक्त बना जिला
