मुंबई इंडियंस के अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा का फ्लॉप प्रदर्शन जारी है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ मैच में भी उनका बल्ला खामोश रहा। वह सिर्फ 17 रन बना सके। उनके इस प्रदर्शन से मुंबई के फैंस में निराश हैं। बता दें कि, मुंबई इंडियंस और आरसीबी के बीच 20वां मुकाबला वानखेड़े में खेला जा रहा है। इस मैच में आरसीबी ने मेजबानों के सामने 222 रन का लक्ष्य रखा। चोट के बाद वापसी करने वाले रोहित एक बार फिर फ्लॉप साबित हुए। वह लखनऊ के खिलाफ मैच में नहीं खेले थे। उन्होंने शुरुआत अच्छी की थी, लेकिन कामयाब नहीं हो सके। दाएं हाथ के बल्लेबाज को यश दयाल ने बोल्ड किया। वह दो चौकों और एक छक्के की मदद से सिर्फ 17 रन बना पाए। अब मुंबई को अपना अगला मैच दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ रविवार को खेलना है। उम्मीद है कि रोहित इस मैच में अपनी फॉर्म में सुधार करने में कामयाब होंगे।
रोहित अब तक आईपीएल 2025 में बल्ले से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। रोहित पिछले सीजन मुंबई इंडियंस के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उन्होंने आईपीएल 2024 में 14 पारियों में 32.07 के औसत और 150 के स्ट्राइक रेट से 417 रन बनाए थे, लेकिन इस सीजन उनका बल्ला खामोश रहा। चार पारियों में हिटमैन ने सिर्फ 38 रन बनाए हैं। मुंबई इंडियंस ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ मैच खेलने के साथ ही एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम दर्ज कर ली है। मुंबई की टीम टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली टीम बन गई है। यह मुंबई का 288वां टी20 मुकाबला है और उसने इस मामले में समरसेट को पीछे छोड़ दिया है जिसने टी20 क्रिकेट के इतिहास में 287 मुकाबले खेले हैं।