फर्रुखाबाद: सांसद मुकेश राजपूत की अध्यक्षता में दिशा समिति की बैठक सम्पन्न।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 दिसंबर 2025 को जनपद के कलेक्ट्रेट सभागार में माननीय सांसद मुकेश राजपूत की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में माननीय अध्यक्ष जिला पंचायत सुश्री मोनिका यादव, माननीय विधायक अमृतपुर श्री सुशील कुमार शाक्य, माननीय विधायक भोजपुर श्री नागेन्द्र सिंह राठौर, माननीय विधायक कायमगंज डॉ. सुरभी, माननीय सदस्य विधान परिषद श्री प्रांशु दत्त द्विवेदी, नगर पंचायतों के अध्यक्ष, अन्य जनप्रतिनिधि एवं जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

सड़क, नाला व रेलिंग दुरुस्तीकरण के निर्देश

माननीय सांसद द्वारा इटावा–बरेली मार्ग पर नालों का लेवल सही कराने तथा टूटी हुई रेलिंग की मरम्मत तत्काल कराने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए गए।

मनरेगा के तहत तालाबों का गहरीकरण

मनरेगा योजना के अंतर्गत जनपद में 19 तालाबों की खुदाई, गाद निकासी एवं गहरीकरण कार्यों के संबंध में सभी विधायकों द्वारा कराए गए कार्यों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

स्वयं सहायता समूहों को मिलेगा विपणन अवसर

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत उपायुक्त स्वतः रोजगार ने जानकारी दी कि जनपद के कई स्वयं सहायता समूहों द्वारा ऑनलाइन बिक्री की जा रही है। इस पर सांसद ने निर्देश दिए कि क्रिश्चियन इंटर कॉलेज, रखा स्कूल सहित सड़क किनारे खाली भूमि पर दुकानें बनवाकर समूहों को आवंटित की जाएं।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की समीक्षा

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत अधिशासी अभियंता द्वारा बताया गया कि प्रस्तावित 54 मार्गों में से 07 मार्गों का चयन केंद्र सरकार द्वारा किया गया है।

कस्तूरबा गांधी विद्यालय व बिजली समस्याएं उठीं

माननीय विधायक कायमगंज ने कस्तूरबा गांधी विद्यालय रजलामई के बंद हॉस्टल तथा विद्यालय के ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन को लेकर प्रश्न उठाया। वहीं विधायक भोजपुर ने जरारी-भड़ौसा क्षेत्र में विद्युत चोरी की सघन जांच न होने की बात कही।

मेला रामनगरिया व खेल स्पर्धा पर सख्त रुख

सांसद ने मेला रामनगरिया में हर समय फायर ब्रिगेड वाहन तैनात रखने के निर्देश जिलाधिकारी को दिए।

साथ ही सांसद खेल-कूद स्पर्धा में खिलाड़ियों को भ्रमित किए जाने के आरोपों पर तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर जांच कराने के निर्देश दिए।

भूमि, विद्युतीकरण व गौवंश की समस्या

विधायक अमृतपुर ने नवाबगंज स्थित डॉ. जाकिर हुसैन मेमोरियल ट्रस्ट को दी गई भूमि का पट्टा समाप्त होने पर भूमि वापस लेने की मांग की।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने ग्राम पंचायत पखना सहित कई गांवों में अधूरे विद्युतीकरण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने को कहा।

एमएलसी श्री प्रांशु दत्त द्विवेदी ने शाम के समय गलियों में घूम रहे आवारा गौवंश की समुचित व्यवस्था की मांग की।

स्वच्छ भारत मिशन व कूड़ा प्रबंधन

स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) के अंतर्गत बताया गया कि ग्राम आमिलपुर स्थित डंपिंग ग्राउंड पर कूड़ा निस्तारण प्लांट के संचालन हेतु टेंडर शीघ्र खोला जाएगा। सांसद ने कहा कि जनपद में कूड़ा निस्तारण के साथ-साथ कलेक्शन सिस्टम विकसित किया जाए तथा गीले कचरे से सीएनजी बनाने की मशीन स्थापित करने हेतु शासन को प्रस्ताव भेजा जाए।

अंत में जिलाधिकारी ने जताया आभार

बैठक के अंत में जिलाधिकारी महोदय ने सभी जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए दिए गए निर्देशों के समयबद्ध अनुपालन का आश्वासन दिया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ अवनींद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, सामाजिक वानिकी विभाग सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।