फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 अक्टूबर 2025 थाना कमालगंज क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच आज सुबह एक मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ थाना कमालगंज में पंजीकृत मुकदमा संख्या 325/25 से संबंधित अभियुक्त की गिरफ्तारी और अभियोग में प्रयुक्त तमंचे की बरामदगी के लिए गई पुलिस टीम पर हुई।
जानकारी के अनुसार, जब पुलिस टीम अभियुक्त की तलाश में गई, तभी अभियुक्त ने पुलिस को देखते ही भागने का प्रयास किया और अपने पास मौजूद तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से एक तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ डॉ. संजय कुमार ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि “अभियुक्त पर पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस टीम ने बड़ी सूझबूझ और साहस के साथ कार्यवाही की है। अभियुक्त को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।”
पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और अभियुक्त से पूछताछ में अन्य आपराधिक घटनाओं के खुलासे की संभावना है।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की तत्परता एक बार फिर दिखाई दी है।
