फर्रुखाबाद:जनहित की मांगों को लेकर भारती कृषक एसोसिएशन ने एसडीएम कायमगंज को सौंपा ज्ञापन।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 अक्टूबर 2025 को भारती कृषक एसोसिएशन ने जनहित से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी फर्रुखाबाद को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी कायमगंज को सौंपा। संगठन ने प्रशासन से किसानों, व्यापारियों और आम जनता की परेशानियों के शीघ्र समाधान की मांग की।

मुख्य मांगें इस प्रकार रहीं:

1. कस्बा कायमगंज में बिजली की अनियमित आपूर्ति से जनता परेशान है। संगठन ने आरोप लगाया कि जेई (अवर अभियंता) जावेद अहमद खान के कार्यभार संभालने के बाद हर 10 मिनट में बिजली आती-जाती रहती है, वहीं लाइनमैन नावेद मरम्मत के नाम पर ₹200 तक वसूलता है। दोनों कर्मचारियों को तत्काल हटाने की मांग की गई।

2. कस्बा कायमगंज के आगरा बाजार में नकली अंग्रेजी दवाओं की बिक्री की शिकायत की गई। संगठन ने मांग की कि सरकारी अस्पताल के पास स्थित मेडिकल स्टोरों की जांच कर अवैध दवाओं की बिक्री पर रोक लगाई जाए।

3. क्षेत्रीय आयुर्वेदिक यूनानी अधिकारी फर्रुखाबाद पर चिकित्सालयों में दवाओं की सप्लाई रोकने का आरोप लगाया गया, जिससे मरीजों को इलाज में दिक्कतें आ रही हैं। अधिकारी को हटाने और दवाओं की सप्लाई शुरू करने की मांग की गई।

4. गंगा नदी किनारे के किसानों की बर्बाद फसलों के लिए उचित मुआवजा देने की मांग की गई।

5. गंगा तराई क्षेत्र में बाढ़ के बाद पनप रहे मच्छरों से निपटने के लिए दवा छिड़काव अभियान चलाने की अपील की गई।

6. ढाई घाट गंगा मेले की व्यवस्था को पुनः जनपद फर्रुखाबाद प्रशासन के अधीन लाने की मांग की गई, जिसे वर्तमान में शाहजहांपुर प्रशासन देख रहा है।

7. बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की पुलियों का ऊंचा निर्माण कराने की आवश्यकता पर बल दिया गया।

8. बाढ़ के दौरान गंगा में डूबकर मृत किसानों के परिजनों को उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की गई।

9. कोतवाली कायमगंज थाना प्रभारी अनुराग मिश्रा पर किसानों व यूनियन कार्यकर्ताओं को अनुचित तरीके से जेल भेजने का आरोप लगाते हुए उन्हें, कस्बा इंचार्ज व मंडी चौकी इंचार्ज को तत्काल हटाने की मांग की गई।

ज्ञापन में कहा गया कि प्रशासन यदि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं करता तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन करेगा।

इस मौके पर राष्ट्रीय महासचिव रामवीर जाटव, राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील कुमार दुबे, प्रदेश मीडिया प्रभारी रामवीर पाल, राष्ट्रीय प्रवक्ता मुन्नालाल सक्सेना, निशांत त्रिवेदी, शीलचंद, रामनारायन, किशन अग्निहोत्री सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।