फर्रुखाबाद:आकांक्षा समिति द्वारा मिशन शक्ति कार्यक्रम का आयोजन, महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण पर दिया जोर

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 अक्टूबर 2025 मिशन शक्ति 5.0 के तहत शनिवार को ऑफिसर्स क्लब फतेहगढ़ में आकांक्षा समिति की ओर से महिला सशक्तिकरण और आत्मरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ताइक्वांडो प्रशिक्षुओं द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई, जिसका उद्देश्य महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग एवं सचेत करना था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता आकांक्षा समिति अध्यक्ष डॉ. वंदना द्विवेदी ने की। उन्होंने कहा कि “मिशन शक्ति अभियान” उत्तर प्रदेश सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका लक्ष्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि जब तक महिलाएं सशक्त नहीं होंगी, तब तक समाज सुदृढ़ नहीं बन सकता।

इस अवसर पर समाजसेवी एवं आकांक्षा समिति की सचिव डॉ. रजनी सरीन ने बच्चों को “गुड टच और बैड टच” के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज के समय में हर लड़की और महिला को आत्मरक्षा के गुर सीखने और सतर्क रहने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में उपस्थित प्रशिक्षुओं ने आत्मरक्षा के लिए सीखे गए ताइक्वांडो के विभिन्न तकनीकी अभ्यासों का प्रदर्शन किया, जिसे देखकर उपस्थित लोगों ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप टी-शर्ट, बिस्किट, एनर्जी ड्रिंक और प्रोटीन पाउडर वितरित किए गए।

इस अवसर पर दीपिका त्रिपाठी, गुंजा जैन, श्रद्धा दुबे सहित कई सदस्यों ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सह सचिव रश्मि सिंह, गुंजा जैन, दीपिका त्रिपाठी, अनिता पाठक, डॉ. ज्योति गुप्ता, साक्षी गुप्ता, श्रद्धा दुबे एवं प्रशिक्षक अजय प्रताप सिंह का विशेष योगदान रहा।

कार्यक्रम का समापन महिलाओं की एकता, आत्मविश्वास और जागरूकता के संकल्प के साथ किया गया।