फर्रुखाबाद: ग्रामीण विवाद में दबंगों पर आरोप — निजी गली पर जबरन छज्जा डालने की शिकायत उपजिलाधिकारी से

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 अक्टूबर 2025 ग्राम कुटरा परगना पहाड़ा ब्लॉक बढ़पुर, तहसील फर्रुखाबाद के निवासी एक व्यक्ति ने अपने भतीजे एवं कुछ भूमाफियाओं पर जबरन सरकारी भूमि और निजी गली पर कब्जा करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में पीड़ित ने उपजिलाधिकारी फतेहगढ़ को एक प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़ित के अनुसार, ग्राम महरूपुर सहजू की सरहद पर स्थित सरकारी दड़े पर कुछ दबंगों द्वारा अवैध रूप से मकान निर्माण किया जा रहा है। वहीं, उसके भतीजे आदित्य कुमार के मकान के सामने स्थित निजी गली पर भी जबरन छज्जा डालने का प्रयास किया गया। पीड़ित का कहना है कि 4 अक्टूबर 2025 को उसने इस प्रकरण की शिकायत (प्रार्थना पत्र संख्या 40015925018836) संबंधित अधिकारियों को दी थी, लेकिन कार्रवाई के बजाय उसे कोतवाली बुलाया गया।

आरोप है कि जब उसने प्रभारी निरीक्षक फतेहगढ़ रणविजय सिंह से अवैध निर्माण रोकने की बात कही, तो उन्होंने कहा कि “जब तक स्थगन आदेश नहीं लाओगे, रोक नहीं लगाई जाएगी”। इतना ही नहीं, शिकायत करने पर उल्टे मुकदमों में फंसाने की धमकी भी दी गई।

पीड़ित के अनुसार, उक्त विवादित गली पर पहले से मुकदमा चल चुका है और सुलह के बाद ही उसे रास्ता मिला था। अब उक्त दबंग व्यक्ति — दिनेश चन्द्र दुबे, मुकेश चन्द्र दुबे और राकेश चन्द्र दुबे पुत्रगण सुरेश चन्द्र दुबे — जबरन गली को संकुचित कर रहे हैं। गली इतनी संकरी कर दी गई है कि आपात स्थिति में एम्बुलेंस तक नहीं पहुंच सकती।

पीड़ित ने दोनों ग्रामों का नक्शा व फोटोग्राफ संलग्न करते हुए मांग की है कि अवैध छज्जा डालने पर रोक लगाई जाए और सरकारी दड़े पर हो रहे अवैध निर्माण को तत्काल ध्वस्त कर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि अगर प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई नहीं की, तो भविष्य में यह विवाद और गंभीर रूप ले सकता है।